बाराबंकी में मौसम का यू-टर्न, 90 KMPH की रफ्तार से चली आंधी-बारिश, कई इलाकों में रेड अलर्ट

Barabanki Weather: बाराबंकी के रामनगर में शनिवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ली. 80-90 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली आंधी और बारिश ने भीषण गर्मी से राहत दी, लेकिन रेड अलर्ट के बीच लोगों की चिंता भी बढ़ा दी. प्रशासन ने सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह जारी की.

  Barabanki Weather Alert

Barabanki Weather Alert

Newzo

• 12:03 PM • 13 Jun 2026

follow google news

Barabanki Weather: जनपद बाराबंकी की रामनगर तहसील क्षेत्र में शनिवार सुबह अचानक मौसम ने करवट बदल ली. सुबह करीब 9 बजे आसमान में बादल छा गए और देखते ही देखते तेज रफ्तार आंधी चलने लगी. मौसम विभाग के अनुसार क्षेत्र में 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं. इसके कुछ ही देर बाद बारिश शुरू हो गई, जिससे पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी और उमस से लोगों को राहत मिली.

यह भी पढ़ें...

जिला प्रशासन को मौसम विभाग की ओर से प्राप्त सूचना के अनुसार बाराबंकी जनपद के कई स्थानों पर अगले तीन घंटों के दौरान मध्यम से तेज बिजली चमकने के साथ गंभीर तूफान की संभावना जताई गई थी. इसमें हवा की गति 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे से लेकर 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया गया.

शनिवार को रामनगर तहसील क्षेत्र के आदर्श नगर पंचायत रामनगर, महादेवा, रानी बाजार, त्रिलोकपुर, रानीगंज सहित आसपास के कई गांवों में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई. अचानक बदले मौसम से जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली, वहीं किसानों और ग्रामीणों में मौसम को लेकर सतर्कता भी दिखाई दी. कई स्थानों पर लोग तेज हवा और बारिश से बचने के लिए सुरक्षित स्थानों की ओर जाते नजर आए.

तेज आंधी के कारण कुछ इलाकों में पेड़-पौधों की डालियां टूटने और बिजली आपूर्ति प्रभावित होने की संभावना बनी रही. प्रशासन ने लोगों से अपील की कि खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े होने से बचें. साथ ही जरूरी होने पर ही घरों से बाहर निकलने की सलाह दी गई.

बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई और वातावरण में ठंडक महसूस हुई. लंबे समय से गर्मी झेल रहे क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली. हालांकि मौसम विभाग ने आगामी घंटों में भी तेज हवाओं और बारिश की संभावना को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की अपील की है. प्रशासन की टीमें भी मौसम की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं.