Barabanki Traffic Update: लखनऊ-बहराइच राष्ट्रीय राजमार्ग पर रामनगर थाना क्षेत्र के चौकाघाट रेलवे स्टेशन के पास पुलिस ने यातायात व्यवस्था को लेकर डायवर्जन लागू कर दिया है. पुलिस अधीक्षक बाराबंकी अर्पित विजयवर्गीय के निर्देश पर चौकाघाट चेक पोस्ट के पास बैरियर लगाकर बड़े वाहनों के आवागमन पर रोक लगा दी गई है. घाघरा नदी के ऊपर बने संजय सेतु की ओर जाने वाले भारी वाहनों को पुलिस द्वारा वापस भेजा जा रहा है.
ADVERTISEMENT
ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के अनुसार जारी गाइडलाइन के तहत फिलहाल चौकाघाट मार्ग से केवल छोटे निजी वाहनों को ही गुजरने की अनुमति दी जा रही है. कार, मोटरसाइकिल सहित अन्य निजी वाहनों को आवागमन की छूट दी गई है, जबकि ट्रक, भारी वाहन, मालवाहक पिकअप और अन्य कमर्शियल वाहनों पर पूरी तरह रोक लगाई गई है.
मौके पर तैनात पुलिसकर्मी आनंद कुमार ने बताया कि उच्चाधिकारियों के निर्देशों के अनुसार यातायात व्यवस्था संचालित की जा रही है. उन्होंने कहा कि चौकाघाट से सिर्फ छोटे निजी वाहन ही जाने दिए जा रहे हैं. मालवाहक पिकअप और व्यावसायिक वाहनों को भी वापस किया जा रहा है. गाइडलाइन के अनुसार ही वाहनों का संचालन कराया जा रहा है.
डायवर्जन के कारण कई मालवाहक पिकअप चालक काफी देर तक पुलिसकर्मियों से वाहन निकालने की अनुमति मांगते रहे, लेकिन उन्हें अनुमति नहीं दी गई. पुलिस ने सभी चालकों को समझाकर वापस भेज दिया. चालकों का कहना था कि अचानक रोक लगाए जाने से उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
पुलिसकर्मियों ने बताया कि आदेश के अनुसार ही बड़े और कमर्शियल वाहनों पर रोक लगाई गई है. 15 तारीख के बाद स्थिति के अनुसार बड़े वाहनों के संचालन की अनुमति दी जा सकती है. फिलहाल यातायात व्यवस्था बनाए रखने और अधिकारियों द्वारा जारी निर्देशों का पालन कराने के लिए चौकाघाट चेक पोस्ट पर पुलिस बल तैनात है.
ADVERTISEMENT










