बाराबंकी में किसान जागरूकता कार्यक्रम: मिट्टी बचाने और उत्पादन बढ़ाने पर फोकस

Barabanki Agriculture News: बाराबंकी के किन्हौली गांव में आयोजित किसान जागरूकता कार्यक्रम में कृषि और गन्ना विभाग के अधिकारियों ने किसानों को मृदा स्वास्थ्य, संतुलित उर्वरक उपयोग, जैविक खेती और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम का उद्देश्य मिट्टी की उर्वरा शक्ति बचाते हुए आधुनिक तकनीकों से कृषि उत्पादन बढ़ाने के प्रति जागरूकता फैलाना था.

Barabanki News

Barabanki News

Newzo

• 05:51 PM • 12 Jun 2026

follow google news

Barabanki Agriculture News: ग्राम पंचायत किन्हौली स्थित पंचायत भवन में सघन खेत बचाओ अभियान के अंतर्गत किसान जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में कृषि विभाग और गन्ना विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने किसानों को मृदा स्वास्थ्य संरक्षण, संतुलित उर्वरक उपयोग, जैविक खेती और विभिन्न सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी. कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य मिट्टी की उर्वरा शक्ति को बनाए रखते हुए आधुनिक एवं वैज्ञानिक तरीकों से अधिक उत्पादन प्राप्त करने के लिए किसानों को जागरूक करना रहा.

यह भी पढ़ें...

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अपर जिला कृषि अधिकारी बाराबंकी देशराज ने किसानों से संतुलित मात्रा में उर्वरकों के प्रयोग की अपील की और मृदा एवं जल संरक्षण पर विशेष ध्यान देने पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि रासायनिक उर्वरकों का असंतुलित उपयोग मिट्टी की गुणवत्ता को प्रभावित करता है, इसलिए खेतों की सेहत बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है.

सहायक विकास अधिकारी (कृषि) डॉ. दलबीर सिंह ने किसानों को जैविक खेती, हरी खाद के उपयोग और बेहतर फसल प्रबंधन के बारे में जानकारी दी. उन्होंने बताया कि कृषि विभाग द्वारा किसानों के हित में कई जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं. उन्होंने प्रधानमंत्री खेत तालाब योजना का उल्लेख करते हुए बताया कि इसके तहत किसानों को तालाब निर्माण पर 52,500 रुपये तक का अनुदान दिया जा रहा है। इसके अलावा पीएम कुसुम योजना के तहत सोलर पंप स्थापना और कृषि यंत्रीकरण जैसी योजनाओं की भी जानकारी दी गई.

सहायक विकास अधिकारी (फसल सुरक्षा) शिव कुमार ने फसलों में लगने वाले रोगों एवं कीटों से बचाव के उपाय बताए. उन्होंने किसानों से नियमित रूप से फसलों की निगरानी करने और वैज्ञानिक सलाह के अनुसार उपचार करने की अपील की.

गन्ना विभाग के गन्ना पर्यवेक्षक सूर्यनाथ यादव ने विभागीय योजनाओं की जानकारी देते हुए गन्ना किसानों को आधुनिक तकनीक अपनाने के लिए प्रेरित किया. ग्राम प्रधान प्रतिनिधि राजा सिंह ने किसानों से संतुलित उर्वरक प्रयोग करने तथा किसान कल्याण केंद्र से अनुदानित बीज प्राप्त करने का आग्रह किया। पंचायत सहायक निधि तिवारी ने भी किसानों से जैविक खेती अपनाने की अपील की.

कार्यक्रम में प्राविधिक सहायक कुलदीप दीक्षित, प्रदीप कुमार वर्मा, खंड तकनीकी प्रबंधक राजेश कुमार यादव, राजेश कुमार द्वितीय सहित कृषि एवं गन्ना विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और 100 से अधिक किसान उपस्थित रहे.