उत्तर प्रदेश, अयोध्या-काशी की तर्ज पर लोधेश्वर धाम का विकास, 48 करोड़ की परियोजना में तेजी...

Barabanki Lodheshwar Dham: बाराबंकी के प्रसिद्ध लोधेश्वर महादेव धाम में करीब 48.79 करोड़ रुपये की लागत से कॉरिडोर निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है. अयोध्या और काशी की तर्ज पर विकसित हो रही इस परियोजना में राजस्थान के नक्काशीदार पत्थरों से भव्य प्रवेश द्वार तैयार किया जा रहा है, जिससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा.

Barabanki News

Barabanki News

Newzo

• 05:51 PM • 11 Jun 2026

follow google news

Barabanki Lodheshwar Dham:जनपद बाराबंकी की तहसील रामनगर के महादेवा स्थित प्रसिद्ध तीर्थ स्थल श्री लोधेश्वर महादेव मंदिर में प्रस्तावित भव्य कॉरिडोर निर्माण कार्य ने अब तेजी पकड़ ली है. अयोध्या और काशी विश्वनाथ धाम की तर्ज पर विकसित किए जा रहे इस धार्मिक पर्यटन प्रोजेक्ट को आकर्षक और भव्य स्वरूप देने का काम तेजी से चल रहा है.

यह भी पढ़ें...

बृहस्पतिवार को राजस्थान से मंगाए गए नक्काशीदार पत्थरों से कॉरिडोर के मुख्य आकर्षण बनने वाले प्रवेश द्वार के पिलर तैयार कर दिए गए. मंदिर के दाहिनी ओर बनाए जा रहे इस भव्य द्वार में इस्तेमाल किए जा रहे पत्थरों पर की गई बारीक नक्काशी श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों के लिए आकर्षण का केंद्र बन रही है. पारंपरिक स्थापत्य कला को ध्यान में रखते हुए तैयार किया जा रहा यह प्रवेश द्वार लोधेश्वर धाम की भव्यता को और बढ़ाएगा.

पर्यटन विभाग की ओर से संचालित “जनपद बाराबंकी के लोधेश्वर महादेव मंदिर के समेकित पर्यटन विकास कार्य” योजना के तहत लगभग 48 करोड़ 79 लाख 63 हजार रुपये की लागत से कॉरिडोर का निर्माण कराया जा रहा है। परियोजना के लिए शासनादेश संख्या 343/2025/581/41-1-2025 सीएन 1903485-2025 जारी किया गया था। निर्माण कार्य की जिम्मेदारी सीडीएस उत्तर प्रदेश जल निगम यूनिट-26, लखनऊ को सौंपी गई है.

कार्यदायी संस्था के जूनियर इंजीनियर आयुष विश्वकर्मा और अरुण कुमार की देखरेख में निर्माण कार्य कराया जा रहा है. मुख्य प्रवेश द्वार के साथ-साथ कॉरिडोर क्षेत्र में अन्य विकास कार्य भी तेजी से आगे बढ़ रहे हैं.

अधिकारियों का कहना है कि कॉरिडोर के पूरा होने के बाद लोधेश्वर धाम आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और धार्मिक पर्यटन को नई दिशा मिलेगी.