Barabanki News: हाईवे पर भीषण सड़क हादसा, मुख्यमंत्री आवास से लौट रही सफारी को एक्सटर ने मारी टक्कर, महिला-बच्चों समेत कई घायल

Newzo

• 05:43 PM • 27 Jul 2026

Barabanki Road Accident: बाराबंकी में लखनऊ-बहराइच हाईवे पर सोमवार को मुख्यमंत्री आवास से लौट रही सफारी और एक्सटर की आमने-सामने भिड़ंत में महिला, बच्चों समेत कई लोग घायल हो गए. हादसे के बाद करीब पांच किलोमीटर लंबा जाम लग गया. पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजकर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है.

 हाईवे पर भीषण सड़क हादसा, मुख्यमंत्री आवास से लौट रही सफारी को एक्सटर ने मारी टक्कर, महिला-बच्चों समेत कई घायल

हाईवे पर भीषण सड़क हादसा, मुख्यमंत्री आवास से लौट रही सफारी को एक्सटर ने मारी टक्कर, महिला-बच्चों समेत कई घायल

Google CTA

Barabanki News: लखनऊ–बहराइच राष्ट्रीय राजमार्ग पर रामनगर थाना क्षेत्र के केसरीपुर मोड़ स्थित साइन राम ढाबा के पास सोमवार को दो वाहनों की आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत में महिला, बच्चों और युवकों समेत कई लोग घायल हो गए. हादसे के बाद हाईवे पर करीब पांच किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिससे काफी देर तक यातायात प्रभावित रहा.

यह भी पढ़ें...

जानकारी के अनुसार, यूपी-78 बीजेड-1243 नंबर की सफारी मुख्यमंत्री आवास, लखनऊ से लौट रही थी. वाहन में थाना विशेश्वरगंज क्षेत्र की तीन महिलाएं, तीन छोटे बच्चे और दो युवक सवार थे. इसी दौरान यूपी-43 बीएस-3031 नंबर की एक्सटर गाड़ी अनियंत्रित होकर सामने से सफारी से टकरा गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. हालांकि सफारी का एयरबैग खुल जाने से बड़ा हादसा टल गया.

दुर्घटना में निधि गोस्वामी का पैर टूट गया, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में उच्च केंद्र रेफर कर दिया गया. वहीं हेतराम गोस्वामी, ज्योति मिश्रा, शांति देवी, 8 वर्षीय पीहू और 4 वर्षीय चीहू भी घायल हुए. इसके अलावा रुद्रांश पांडे, निवासी तुलसीपुर बैरागी पुरवा, जनपद बलरामपुर, गंभीर रूप से घायल हो गए. उनकी नाक में गंभीर चोट लगने से काफी रक्तस्राव हुआ, जिसके बाद परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के करीब 15 मिनट बाद पुलिस मौके पर पहुंची, जबकि लगभग 20 मिनट बाद 1033 हाईवे इमरजेंसी एंबुलेंस घटनास्थल पर पहुंची. तब तक घायल महिलाएं और बच्चे सड़क किनारे मदद का इंतजार करते रहे.

पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात को सामान्य कराया और सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा. पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.