Barabanki Weather Update: तहसील फतेहपुर क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे अचानक मौसम का मिजाज बदल गया और तेज बारिश शुरू हो गई. कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी और उमस के बीच हुई इस बारिश से लोगों को बड़ी राहत मिली. बारिश के साथ तापमान में गिरावट दर्ज की गई और पूरे क्षेत्र का मौसम सुहावना हो गया. वहीं लंबे समय से बारिश का इंतजार कर रहे किसानों के चेहरों पर भी खुशी लौट आई.
ADVERTISEMENT
किसानों का कहना है कि धान की फसल के लिए यह बारिश बेहद लाभदायक साबित होगी. किसान अनस, नन्हे और रमेश ने बताया कि इस समय धान की बढ़वार के लिए पर्याप्त नमी जरूरी होती है. समय पर हुई वर्षा से खेतों में नमी बनी रहेगी, जिससे फसल का विकास बेहतर होगा और अच्छी पैदावार की उम्मीद बढ़ गई है.
बारिश के बाद लोगों को गर्मी और उमस से भी राहत मिली. दोपहर तक तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोग घरों में रहने को मजबूर थे, लेकिन बारिश के बाद ठंडी हवाएं चलने लगीं और मौसम खुशनुमा हो गया. बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर भी लोगों की आवाजाही बढ़ गई.
हालांकि, बारिश का असर ग्रामीण क्षेत्रों की कच्ची सड़कों पर भी देखने को मिला. कई संपर्क मार्गों पर कीचड़ और फिसलन बढ़ जाने से दोपहिया वाहन चालकों, साइकिल सवारों और पैदल राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा. ग्रामीणों ने लोगों से सावधानी के साथ आवागमन करने की अपील की है.
कृषि विशेषज्ञों का भी मानना है कि धान की खेती के इस चरण में समय पर हुई वर्षा फसल के लिए लाभकारी है. यदि आने वाले दिनों में भी इसी तरह संतुलित बारिश होती रही तो क्षेत्र में धान की पैदावार बेहतर रहने की संभावना है. फिलहाल इस बारिश ने जहां लोगों को भीषण गर्मी से राहत दी है, वहीं किसानों में अच्छी फसल की नई उम्मीद जगा दी है.
ADVERTISEMENT











