Barabanki News: घाघरा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने और संभावित बाढ़ के खतरे को देखते हुए रेलवे विभाग ने चौकाघाट रेलवे स्टेशन के पास तीसरी रेलवे लाइन की सुरक्षा के लिए एहतियाती कदम तेज कर दिए हैं.गुरुवार को चौकाघाट-गणेशपुर मार्ग स्थित रेलवे क्रॉसिंग के निकट ट्रैक के किनारे बड़े-बड़े बोल्डर (पत्थर) डाले गए, ताकि बाढ़ के दौरान तेज बहाव से रेलवे ट्रैक को सुरक्षित रखा जा सके.
ADVERTISEMENT
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, बाढ़ के समय घाघरा नदी का पानी अक्सर इस क्षेत्र में रेलवे लाइन के करीब पहुंच जाता है, जिससे कटान का खतरा बना रहता है. हाल ही में ट्रैक के आसपास बने गड्ढों को मिट्टी से भरकर समतल किया गया था, लेकिन अतिरिक्त सुरक्षा के लिए अब पत्थरों की मजबूत परत बिछाई जा रही है.
बताया गया कि चौकाघाट के पास तीसरी रेलवे लाइन का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है. ऐसे में नई लाइन को बाढ़ और मिट्टी के कटाव से बचाने के लिए विशेष निगरानी के साथ सुरक्षा कार्य कराया जा रहा है, ताकि मानसून के दौरान रेल संचालन प्रभावित न हो.
रेलवे विभाग के जनसंपर्क अधिकारी महेश गुप्ता ने बताया कि तीसरी रेलवे लाइन की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए ट्रैक के किनारे बोल्डर लगाए जा रहे हैं. इससे बाढ़ के दौरान मिट्टी के कटाव को रोका जा सकेगा और रेल यातायात सुरक्षित बना रहेगा.
स्थानीय लोगों का कहना है कि हर वर्ष घाघरा नदी में बाढ़ आने पर रेलवे लाइन के आसपास कटान की आशंका बनी रहती है. ऐसे में समय रहते रेलवे विभाग द्वारा शुरू किए गए सुरक्षा कार्य भविष्य में किसी बड़े नुकसान को रोकने में महत्वपूर्ण साबित हो सकते हैं. विभाग का लक्ष्य मानसून के चरम दौर से पहले सभी आवश्यक सुरक्षा कार्य पूरा करना है
ADVERTISEMENT











