Barabanki Car Fire: बाराबंकी में चलती स्विफ्ट डिजायर बनी आग का गोला, रामनगर हाईवे पर मिनटों में जलकर राख

Barabanki News: बाराबंकी के रामनगर में लखनऊ जा रही स्विफ्ट डिजायर अचानक आग की चपेट में आ गई. इंजन से धुआं उठने के बाद चालक ने गाड़ी रोकी, लेकिन कुछ ही पलों में वाहन धू-धू कर जलने लगा. हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ, हालांकि कार पूरी तरह राख हो गई और हाईवे पर जाम लग गया.

Barabanki  Road Accident

Barabanki Road Accident

Newzo

• 12:31 PM • 06 Jun 2026

follow google news

 Barabanki News: जनपद बाराबंकी के रामनगर थाना क्षेत्र में सुबह एक बड़ा हादसा उस समय हो गया, जब टीआर भट्ठा के पास लखनऊ जा रही एक स्विफ्ट डिजायर कार में अचानक आग लग गई. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी कार धू-धू कर जलने लगी. कुछ ही मिनटों में वाहन पूरी तरह जलकर राख हो गया. घटना के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई, जिससे जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई.

यह भी पढ़ें...

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार चालक गोंडा से स्विफ्ट डिजायर लेकर लखनऊ की ओर जा रहा था. रास्ते में टीआर भट्ठा के निकट कार के इंजन से धुआं निकलने लगा और वाहन गर्म हो गया. चालक ने तत्काल गाड़ी को सड़क किनारे रोककर इंजन का बोनट खोला. इसी दौरान उसने इंजन पर पानी डालने का प्रयास किया. बताया जाता है कि पानी डालते ही इंजन के हिस्से में अचानक तेज आग भड़क उठी, जिसने कुछ ही क्षणों में पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया.

स्थानीय निवासी अंशु ने बताया कि आग लगते ही चालक घबरा गया और अपनी जान बचाने के लिए तुरंत वाहन से दूर हट गया. आग इतनी तेजी से फैली कि किसी को भी उसे बुझाने का मौका नहीं मिला. आसपास के लोगों ने तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी, लेकिन दमकल कर्मियों के पहुंचने तक कार पूरी तरह जल चुकी थी.

घटना के दौरान सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं. आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार दूर से दिखाई दे रहा था, जिसके कारण बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए. बाद में पहुंची दमकल टीम ने स्थिति को नियंत्रित किया और आग को पूरी तरह बुझाया. गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई. हालांकि कार पूरी तरह नष्ट हो गई. पुलिस और संबंधित विभाग के अधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं तथा आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है.