Barabanki News: जनपद बाराबंकी की तहसील रामनगर क्षेत्र में लखनऊ–बहराइच राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित संजय सेतु लंबे समय से जर्जर अवस्था में था. सेतु की खराब स्थिति को लेकर क्षेत्रीय जनता लगातार अपनी आवाज़ उठा रही थी. जनप्रतिनिधियों ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए शासन को अवगत कराया. इसके बाद शासन स्तर पर संज्ञान लेते हुए सेतु के पुनर्निर्माण और मरम्मत के लिए बजट स्वीकृत किया गया.
ADVERTISEMENT
प्रोजेक्ट डायरेक्टर नकुल प्रकाश वर्मा के प्रयासों से संजय सेतु के मरम्मत कार्य के लिए लगभग ढाई करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया गया. बजट मिलने के बाद मरम्मत कार्य को गति दी गई. कार्यदायी संस्था ने सेतु के सभी जॉइंट और अप्रोच मार्गों की मरम्मत पूरी कर ली. इसके साथ ही लगभग 1200 मीटर लंबे सेतु की लोहे की बाउंड्री वॉल और रेलिंग भी दुरुस्त की गई. मरम्मत के बाद संपूर्ण बाउंड्री वॉल पर रंगाई-पुताई का कार्य भी पूरा कर लिया गया, जिससे सेतु का स्वरूप पूरी तरह बदल गया है.
सेतु की मजबूती और यातायात सुविधा को ध्यान में रखते हुए इसके ऊपर नई डामर सड़क का निर्माण भी कराया गया है. सड़क पर बिटुमिनस कंक्रीट (बी.सी.) बिछाने का कार्य बुधवार को पूर्ण हुआ. यह कार्य ठेकेदार यासिर की देखरेख में अभियंताओं एवं लेखपाल की उपस्थिति में पेवर मशीन और रोलर की सहायता से संपन्न किया गया. निर्माण कार्य के दौरान गुणवत्ता मानकों का विशेष ध्यान रखा गया.
स्थानीय लोगों का कहना है कि संजय सेतु की मरम्मत लंबे समय से क्षेत्र की प्रमुख मांग थी. सेतु के सुचारु होने से बाराबंकी और बहराइच जनपद के बीच आवागमन और अधिक सुगम होगा. अधिकारियों के अनुसार, यदि अंतिम औपचारिकताएं समय पर पूरी हो जाती हैं, तो 10 जून से पहले ही संजय सेतु को छोटे और बड़े वाहनों के लिए खोल दिया जाएगा. इससे क्षेत्रीय जनता को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है. प्रोजेक्ट डायरेक्टर नकुल प्रकाश वर्मा ने बताया कि 10 जून से पहले संजय सेतु पर बड़े और छोटे वाहन दौड़ने लगेंगे.
ADVERTISEMENT









