Barabanki News: अयोध्या से लोधेश्वर धाम तक 6 घंटे की तूफानी डाक कांवड़ यात्रा, शिवभक्तों ने दिखाया अद्भुत संकल्प

Dak Kanwar Yatra: बाराबंकी में अयोध्या से लोधेश्वर महादेव धाम तक शिवभक्तों ने मात्र 6 घंटे में डाक कांवड़ यात्रा पूरी कर आस्था का अद्भुत उदाहरण पेश किया. 13 श्रद्धालुओं के दल ने जयघोष के साथ जलाभिषेक किया। पूरी यात्रा श्रद्धा, उत्साह और धार्मिक चेतना के संदेश के साथ संपन्न हुई.

Ayodhya Kanwar Yatra

Newzo

• 06:28 PM • 01 Jun 2026

follow google news

Dak Kanwar Yatra: बाराबंकी जनपद बाराबंकी की तहसील रामनगर स्थित सुप्रसिद्ध तीर्थ स्थल श्री लोधेश्वर महादेव धाम में सोमवार की शाम करीब 4 बजे अयोध्या से निकली तूफानी डाक कांवड़ यात्रा सकुशल संपन्न हुई. ग्राम हसनपुर टांडा, फतेहपुर (बाराबंकी) से शिवम प्रजापति की अध्यक्षता में 13 श्रद्धालुओं के दल ने अयोध्या से श्री लोधेश्वर महादेव धाम तक की यात्रा मात्र 6 घंटे में पूरी कर श्रद्धा, आस्था और उत्साह का परिचय दिया.

यह भी पढ़ें...

यात्रा में शामिल श्रद्धालु पहले अयोध्या पहुंचे, जहां उन्होंने भगवान श्रीराम के दरबार में पूजा-अर्चना की और हनुमानगढ़ी में दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया. इसके बाद सभी श्रद्धालुओं ने अपनी मोटरसाइकिलों के माध्यम से निर्धारित स्थान तक पहुंचकर डाक कांवड़ यात्रा का शुभारंभ किया.पूरे मार्ग में श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ के जयघोष करते हुए दौड़ते रहे और शाम तक श्री लोधेश्वर महादेव धाम पहुंचे.

यात्रा दल में अमन कुमार, अनुभव वर्मा, अभिनव वर्मा, जितेंद्र कुमार, संदीप चौहान, शिवम प्रजापति, विमल प्रजापति, अनमोल साहू, मुरली साहू, मोनू प्रजापति, आशीष यादव, हर्ष यादव तथा अजय पाल यादव शामिल थे. लोधेश्वर धाम पहुंचकर सभी श्रद्धालुओं ने मंदिर की परिक्रमा की और विधि-विधान से भगवान लोधेश्वर महादेव का जलाभिषेक एवं पूजन-अर्चन किया. मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के आगमन पर ‘‘हर-हर महादेव’’ और ‘‘बोल बम’’ के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया.

डाक कांवड़ यात्रा का नेतृत्व कर रहे अमन कुमार ने बताया कि उनकी टीम ने अयोध्या से लोधेश्वर महादेव धाम तक की तूफानी यात्रा केवल 6 घंटे में पूरी की. उन्होंने कहा कि इस यात्रा का उद्देश्य भगवान शिव की आराधना करना और युवाओं में धार्मिक एवं सांस्कृतिक चेतना का प्रसार करना है. श्रद्धालुओं ने यात्रा की सफलता पर भगवान भोलेनाथ का आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी इसी प्रकार की धार्मिक यात्राएं आयोजित करने का संकल्प लिया.