Bareilly News: दिव्यांग प्रमाण पत्र के लिए बरेली में भटक रहे लोग, CMO ऑफिस की अव्यवस्था से बढ़ी मुश्किलें

Bareilly Disability Certificate: बरेली सीएमओ कार्यालय में दिव्यांग प्रमाण पत्र बनवाने को लेकर भारी अव्यवस्था देखने को मिल रही है. सीमित दिन और स्टाफ की कमी के कारण दिव्यांगों को लंबी कतारों और बार-बार चक्कर लगाने की मजबूरी है. बिजली कटौती और जांच की अनुपलब्धता से प्रक्रिया और अधिक बाधित हो रही है.

Bareilly Divyang Certificate Issue

Newzo

• 06:27 PM • 01 Jun 2026

follow google news

Bareilly Disability Certificate:  बरेली मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) कार्यालय में दिव्यांग प्रमाण पत्र बनवाने और पुराने प्रमाण पत्रों को ऑनलाइन दर्ज कराने के लिए दिव्यांगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. शासन द्वारा प्रमाण पत्र प्रक्रिया को ऑनलाइन किए जाने के बावजूद लोगों की मुश्किलें कम नहीं हुई हैं. कई दिव्यांग और उनके परिजन हफ्तों से कार्यालय के चक्कर लगाने को मजबूर हैं, जिससे उन्हें समय और धन दोनों की हानि उठानी पड़ रही है.

यह भी पढ़ें...

जानकारी के अनुसार, पूरे जिले के दिव्यांगों के लिए सप्ताह में केवल सोमवार का दिन निर्धारित किया गया है. एक ही दिन में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने से कार्यालय में भीड़ और अव्यवस्था का माहौल बना रहता है. पर्याप्त स्टाफ की कमी के कारण कई दिव्यांगों का काम समय पर नहीं हो पाता और उन्हें अगले सप्ताह आने की सलाह देकर लौटा दिया जाता है.

दिव्यांगों के साथ आने वाले परिजनों को भी घंटों लाइन में खड़ा रहना पड़ता है. कई बार बिजली आपूर्ति बाधित होने से ऑनलाइन प्रक्रिया ठप हो जाती है. चाहवाई निवासी राजेश कुमार ने बताया कि वह सुबह से दस्तावेज जमा कराने के लिए लाइन में लगे रहे, लेकिन बिजली जाने के कारण उनका कार्य पूरा नहीं हो सका.

वहीं कानूनगोयान निवासी प्रवीण कुमार ने बताया कि मेडिकल जांच के लिए संबंधित चिकित्सक उपलब्ध नहीं थे, जिसके चलते उन्हें बिना प्रमाण पत्र के वापस लौटना पड़ा. विभागीय अधिकारियों का कहना है कि चिकित्सकों की कमी दूर करने के प्रयास किए जा रहे हैं.सीएमओ कार्यालय ने स्पष्ट किया है कि केवल 40 प्रतिशत या उससे अधिक दिव्यांगता वाले व्यक्तियों को ही प्रमाण पत्र जारी किया जाएगा. इससे कम दिव्यांगता होने पर प्रमाण पत्र नहीं बनाया जाएगा.