Bareilly Crime News: मीरगंज पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान एक शातिर स्मैक तस्कर को गिरफ्तार कर उसके पास से करीब 7 लाख रुपये कीमत की 75 ग्राम स्मैक और एक बाइक बरामद की. आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है.
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे मादक पदार्थ तस्करी विरोधी अभियान के तहत मीरगंज पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान एक शातिर स्मैक तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 7 लाख रुपये मूल्य की 75 ग्राम स्मैक और एक बाइक बरामद की है.
ADVERTISEMENT
जानकारी के अनुसार, बीती रात कस्बा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक पंकज कुमार अपनी टीम के साथ संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रहे थे. इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक अवैध स्मैक लेकर क्षेत्र से गुजरने वाला है. सूचना के आधार पर पुलिस ने मीरगंज कस्बा अंडरपास के पास घेराबंदी कर बाइक सवार युवक को पकड़ लिया.
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 75 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 7 लाख रुपये बताई जा रही है. इसके अलावा तस्करी में प्रयुक्त अपाचे बाइक (नंबर UP 21 BE 1856) भी पुलिस ने जब्त कर ली. गिरफ्तार आरोपी की पहचान उर्जैन पुत्र अंदाज, निवासी ग्राम मुंडीखेड़ी, जिला सीहोर (मध्य प्रदेश), वर्तमान में मोहल्ला कोहिनूर, थाना कटघर, मुरादाबाद के रूप में हुई है. पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अधिक पैसे कमाने के लालच में नशे के कारोबार में शामिल हुआ था.
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है. मीरगंज पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है.
ADVERTISEMENT









