Bareilly News: बरेली में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराध एवं नशा तस्करों के खिलाफ अभियान के तहत थाना फतेहगंज पश्चिमी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर सरजू यादव कट के पास बने यात्री शेड पर छापेमारी कर दो स्मैक तस्करों को गिरफ्तार किया. आरोपियों के कब्जे से कुल 72 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 8.64 लाख रुपये बताई जा रही है.
ADVERTISEMENT
गिरफ्तार आरोपियों में कस्बा फतेहगंज पश्चिमी निवासी 19 वर्षीय कासिम और 35 वर्षीय जमीर अहमद शामिल हैं. पुलिस के अनुसार कासिम के पास से 26 ग्राम तथा जमीर अहमद के पास से 46 ग्राम स्मैक बरामद हुई. पूछताछ में कासिम ने बताया कि वह जमीर अहमद से कम दामों में स्मैक खरीदकर राहगीरों और ट्रक चालकों को अधिक कीमत पर बेचता था. जांच में यह भी सामने आया कि जमीर अहमद का आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट तथा जुआ अधिनियम के तहत मुकदमे दर्ज हैं. पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों मोहम्मद सैफ और मोहम्मद आलम की तलाश में जुटी है.
इस कार्रवाई को उपनिरीक्षक आदेश कुमार, हेड कांस्टेबल विपिन कुमार, हेड कांस्टेबल विकास कुमार और कांस्टेबल अक्षय कुमार की टीम ने अंजाम दिया. पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है.
ADVERTISEMENT









