बरेली में 23 साल की नीतू गंगवार मौसी के घर से एग्जाम देने निकली, अगले दिन उसकी बॉडी मिली… किसने मारा उसे?

कृष्ण गोपाल यादव

17 May 2026 (अपडेटेड: 18 Jul 2026, 10:24 PM)

UP News: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में हाईवे किनारे खेत में मिली युवती की लाश की पहचान 23 वर्षीय डीएलएड छात्रा नीतू गंगवार के रूप में हुई है. इस घटना के सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है.

Neetu Gangwar, Bareilly, D.El.Ed Student, Highway Case, Student Death, Police Investigation, Uttar Pradesh News, Crime Case

Bareilly news

Google CTA

UP News: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में हाईवे किनारे खेत में मिली युवती की लाश की पहचान 23 वर्षीय डीएलएड छात्रा नीतू गंगवार के रूप में हुई है. इस घटना के सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है. परिवार के लोगों ने छात्रा के दोस्तों पर हत्या का शक जताया है, जबकि पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.

जानकारी के मुताबिक, नीतू गंगवार 15 तारीख को परीक्षा देने के लिए घर से निकली थी, लेकिन शाम तक वापस नहीं लौटी. अगले दिन यानी 16 तारीख की शाम बरेली के सीबीगंज थाना क्षेत्र में हाईवे किनारे एक खेत में उसकी लाश लावारिस हालत में मिली थी. उस समय युवती ने यूनिफॉर्म पहन रखी थी और उसके मुंह से खून निकल रहा था. शुरुआत में कई घंटे तक युवती की पहचान नहीं हो सकी. बाद में सोशल मीडिया पर फोटो वायरल किए गए और पोस्ट साझा किए गए, जिसके बाद उसकी पहचान नीतू गंगवार के रूप में हुई.

यह भी पढ़ें...

मौसी के घर रुकी थी छात्रा

जानकारी के अनुसार, नीतू गंगवार बरेली के शीशगढ़ थाना क्षेत्र के मानपुर गांव की रहने वाली थी और वह बहेड़ी क्षेत्र के कॉलेज में डीएलएड की छात्रा थी. उसका परीक्षा केंद्र फरीदपुर में बनाया गया था. बताया गया कि वह पिछले तीन दिनों से बरेली के इज्जतनगर क्षेत्र में अपनी मौसी के घर रुकी हुई थी और वहीं से परीक्षा देने फरीदपुर जाया करती थी. बेटी की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

शरीर पर मिले चोट के निशान

पुलिस के अनुसार, 16 तारीख की शाम हाईवे किनारे मिली छात्रा की बॉडी पर कई जगह खरोंच और चोट के निशान मिले हैं. इस मामले में परिवार के लोगों ने पुलिस को शिकायत पत्र देकर छात्रा के दोस्तों पर शक जताया है. एसपी सिटी मानुष पारीक ने जानकारी देते हुए बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा.

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

पुलिस ने बताया कि छात्रा के परीक्षा केंद्र तक जाने वाले रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है. परिवार का कहना है कि जब नीतू शाम तक वापस नहीं लौटी तो उन्होंने पुलिस से शिकायत की थी, लेकिन शुरुआत में अलग-अलग थाना क्षेत्र का मामला बताकर बात को टाल दिया गया. बाद में रात करीब 12 बजे पुलिस का फोन आने पर परिवार को फोटो दिखाकर पहचान कराई गई, जिसके बाद पता चला कि मृतका नीतू गंगवार थी. फिलहाल परिवार के लोग छात्रा के दोस्तों पर हत्या का आरोप लगा रहे हैं, जबकि पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है.