Beer in Ganga video: उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले से आए दिन ऐसी तस्वीरें सामने आ रही हैं जो श्रद्धालुओं की धार्मिक आस्था पर गहरी चोट पहुंचा रही हैं. हाल ही में रमजान के दौरान बीच गंगा में नाव पर बैठकर कुछ लोगों का बिरयानी खाते हुए वीडियो वायरल हुआ था. इस बीच एक और मामला सामने आया है जिसमें कुछ लोग गंगा में नहाते हुए बियर पीते नजर आ रहे हैं. इस वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होते ही हड़कंप मच गया. वाराणसी पुलिस ने इस आपत्तिजनक वीडियो का तत्काल संज्ञान लेते हुए आरोपी युवक की पहचान कर ली है और उसकी गिरफ्तारी के लिए जाल बिछा दिया है.
ADVERTISEMENT
बियर पीते युवकों का वीडियो देख मचा बवाल
इंटरनेट पर वायरल हो रहे इस नए वीडियो में देखा जा सकता है कि एक युवक गंगा नदी के पवित्र जल में खड़ा होकर नहा रहा है. लेकिन इस दौरान आस्था और श्रद्धा की जगह उसके हाथ में बियर का कैन नजर आ रहा है. वह कैमरे के सामने सरेआम बियर की चुस्कियां लेते हुए हुड़दंग काट रहा है.इस दौरान उसके कुछ और दोस्त आसपास दिखाई दे रहे हैं. इस घटना का वीडियो जैसे ही सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर वायरल हुआ वैसे ही काशी के संतों, स्थानीय नागरिकों और देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं का गुस्सा फूट पड़ा.लोगों ने इसे सनातन धर्म का अपमान बताते हुए पुलिस से तुरंत सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की.
बिहार का रहने वाला है आरोपी
इस पूरे मामले पर कड़ा रुख अख्तियार करते हुए वाराणसी पुलिस ने तत्परता दिखाई है. मामले की जानकारी देते हुए दशाश्वमेध के एसीपी अतुल अंजान त्रिपाठी ने बताया कि 'सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस आपत्तिजनक वीडियो का पुलिस ने संज्ञान लिया है. वीडियो की गहनता से जांच की गई और घटनास्थल की पुष्टि करने के साथ ही वीडियो में दिख रहे हुड़दंगी युवक की शिनाख्त भी कर ली गई है. आरोपी युवक उत्तर प्रदेश का नहीं बिहार के रोहतास जिले का रहने वाला है. फिलहाल आरोपी की धरपकड़ के लिए वाराणसी पुलिस की एक विशेष टीम जल्द ही बिहार के रोहतास रवाना की जाएगी ताकि उसे कानून के शिकंजे में लाया जा सके.
धार्मिक भावनाओं से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं
वाराणसी प्रशासन ने साफ कर दिया है कि घाटों और गंगा की मर्यादा को भंग करने वाले किसी भी अराजक तत्व को बख्शा नहीं जाएगा. एसीपी दशाश्वमेध ने बताया कि गंगा और घाटों की सुरक्षा व मर्यादा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस द्वारा जल और थल दोनों मार्गों से लगातार पेट्रोलिंग की जाती है. इसके साथ ही उन्होंने काशी आने वाले तमाम श्रद्धालुओं और पर्यटकों से अपील करते हुए कहा कि 'वाराणसी एक वैश्विक धार्मिक केंद्र है. यहां आने वाले सभी लोगों से अनुरोध है कि वे किसी की भी धार्मिक और सांस्कृतिक भावनाओं को ठेस न पहुंचाएं. गंगा नदी में या घाटों पर ऐसा कोई भी कृत्य न करें जो कानून के खिलाफ हो और धार्मिक आस्था को आहत करता हो. नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.
ADVERTISEMENT









