Bareilly News: बरेली में एक परिवार पिछले कई महीनों से पुराने मकान का बिजली कनेक्शन स्थायी रूप से कटवाने (पीडी) के लिए विभाग के चक्कर लगा रहा है. सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बावजूद कनेक्शन बंद नहीं हुआ. आवेदन करने वाले बुजुर्ग की इस दौरान मृत्यु हो गई और अब उनका बेटा भी विभागीय टालमटोल से परेशान है.
ADVERTISEMENT
बिजली विभाग की लापरवाही और सुस्त कार्यप्रणाली का एक मामला सामने आया है, जहां एक परिवार पिछले पांच महीनों से बिजली कनेक्शन को स्थायी रूप से बंद कराने (पीडी) के लिए विभागीय दफ्तरों के चक्कर काटने को मजबूर है. हैरानी की बात यह है कि आवेदन करने वाले बुजुर्ग की इस दौरान मौत हो गई. लेकिन विभाग अब तक कनेक्शन का पीडी नहीं कर सका. भोजीपुरा थाना क्षेत्र स्थित एल्डिको सिटी निवासी रामकुमार अग्रवाल ने बताया कि उनके पिता सोहनलाल अग्रवाल ने इज्जतनगर के जनकपुरी स्थित पुराने मकान को बेचने के लिए बीते वर्ष 22 नवंबर को बिजली कनेक्शन स्थायी रूप से विच्छेदित कराने का आवेदन किया था. उन्होंने नियमानुसार बकाया बिल और डिस्कनेक्शन शुल्क भी उसी समय जमा कर दिया था.
सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद भी नहीं हो रहा काम
आरोप है कि सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बावजूद विभागीय कर्मचारियों और अधिकारियों ने अब तक कनेक्शन को पीडी नहीं किया. आवेदन के बाद से सोहनलाल अग्रवाल लगातार बिजली दफ्तर के चक्कर लगाते रहे. इसी बीच जनवरी 2026 में उनका निधन हो गया. अब उनके बेटे रामकुमार अग्रवाल विभाग के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है.
“विभाग हर बार नए बहाने बनाकर टाल रहा”
पीड़ित का कहना है कि विभाग हर बार नए बहाने बनाकर उन्हें टाल देता है. कभी पुराने दस्तावेज नहीं मिलने की बात कही जाती है तो कभी जेई की रिपोर्ट लंबित बताई जाती है. कभी मीटर बदलने से जुड़े पुराने रिकॉर्ड मांगे जाते हैं. लगातार हो रही देरी से उपभोक्ता परेशान है और विभागीय कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं.
ADVERTISEMENT









