दीपिका नागर की सास पूनम भी गिरफ्तार, मामले में अब तक सलाखों के पीछे पहुंचे ये 4 आरोपी

Deepika Nagar Case Update: ग्रेटर नोएडा के जलपुरा गांव की दीपिका मौत मामले में बड़ी कार्रवाई. पुलिस ने सास पूनम को भी किया गिरफ्तार. पति, ससुर और चचेरे ससुर समेत अब तक 4 आरोपी जेल में.

Deepika Nagar Case

अरुण त्यागी

20 May 2026 (अपडेटेड: 20 May 2026, 05:00 PM)

follow google news

Greater Noida Deepika Nagar Arrested: उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर (ग्रेटर नोएडा) जिले के जलपुरा गांव में हुई 25 वर्षीय विवाहिता दीपिका नागर की दर्दनाक और संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है. मायके पक्ष द्वारा लगाए गए गंभीर आरोपों के बाद, पुलिस ने इस हाई-प्रोफाइल दहेज हत्या मामले में दीपिका की सास पूनम को भी गिरफ्तार कर लिया है. इस ताजा गिरफ्तारी के साथ ही दीपिका नागर मामले में अब तक कुल चार गिरफ्तारियां हो चुकी हैं. पुलिस इस मामले में मुख्य आरोपी पति ऋतिक, ससुर मनोज प्रधान, चचेरे ससुर को पहले ही जेल भेज चुकी है और अब सास पूनम भी पुलिस की गिरफ्त में है.

यह भी पढ़ें...

क्या है पूरा मामला और अब तक की कार्रवाई? 

यह सनसनीखेज मामला इकोटेक-3 थाना क्षेत्र के जलपुरा गांव का है. यहां बीते दिनों बीए-बीएड पास 25 साल की दीपिका की अपनी तीन मंजिला ससुराल की छत से संदिग्ध परिस्थितियों में गिरकर मौत हो गई थी.

फॉर्च्यूनर कार और 50 लाख कैश विवाद क्या है?

दीपिका की शादी करीब डेढ़ साल पहले जलपुरा गांव के रहने वाले ऋतिक (एलएलबी डिग्री धारक) के साथ हुई थी. दीपिका के पिता संजय नागर और मायके वालों का आरोप है कि उन्होंने शादी में करीब 1 करोड़ रुपये खर्च किए थे, जिसमें महिंद्रा स्कॉर्पियो गाड़ी और भारी नकदी दी गई थी. लेकिन शादी के कुछ महीनों बाद ही ससुराल पक्ष के लोग टोयोटा फॉर्च्यूनर कार और अतिरिक्त 45 से 50 लाख रुपये कैश की मांग को लेकर दीपिका को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगे.

घटना की रात का खौफनाक सच क्या है?

पिता के मुताबिक, घटना वाले दिन दोपहर में दीपिका ने फोन कर रोते हुए मारपीट की बात बताई थी. शाम को मायके पक्ष के लोग समझाने भी गए, लेकिन उसी रात करीब 12:30 बजे ससुराल वालों ने फोन कर सूचना दी कि दीपिका छत से गिरकर घायल हो गई है. अस्पताल पहुंचने पर दीपिका मृत अवस्था में मिली. मायके पक्ष का सीधा आरोप है कि दीपिका की पहले घर के अंदर बेरहमी से हत्या की गई और फिर उसे तीसरी मंजिल की छत से नीचे फेंककर हादसे का रूप देने की कोशिश की गई.

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में बर्बरता के निशान

हाल ही में सामने आई दीपिका की आधिकारिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने सबको झकझोर कर रख दिया था. रिपोर्ट के अनुसार, दीपिका के शरीर पर सिर से लेकर पैर तक गंभीर बाहरी और आंतरिक चोटें पाई गई थीं. उसके बाएं घुटने पर हड्डी तक गहरा घाव था, दाहिने जांघ पर 38 सेमी का बड़ा नील था, मस्तिष्क में हेमेटोमा (रक्त का थक्का) जमा हुआ पाया गया और अंदरूनी चोट के कारण तिल्ली (Spleen) पूरी तरह फटी हुई मिली थी, जो किसी गंभीर आघात (Trauma) की ओर साफ इशारा करती है.

पुलिस का अब तक का एक्शन

पीड़ित पिता की लिखित तहरीर के आधार पर पुलिस ने दहेज हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था. परिजनों के आरोपों और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर पुलिस लगातार नामजद आरोपियों की धरपकड़ में जुटी है. सबसे पहले आरोपी पति ऋतिक और ससुर मनोज प्रधान को सोमवार सुबह गिरफ्तार किया गया था. इसके बाद चचेरे ससुर की गिरफ्तारी हुई और अब इस खौफनाक साजिश और प्रताड़ना में शामिल मृतका की सास पूनम को भी पुलिस ने दबोच लिया है. पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और वीडियोग्राफी के आधार पर साक्ष्य संकलन जारी है.