Twisha Sharma Case: नोएडा की रहने वाली ट्विशा शर्मा मौत मामला हर बीतते दिन के साथ और गहराता जा रहा है. एक पढ़ी-लिखी और हंसती-खेलती लड़की अचानक मौत के आगोश में कैसे समा गई? इस सवाल का जवाब ढूंढ रही पुलिस के हाथ अब एक ऐसा सीसीटीवी फुटेज लगा है जिसने पूरी थ्योरी को ही पलट कर रख दिया है. सामने आए सीसीटीवी फुटेज में ट्विशा शर्मा बेहद सामान्य स्थिति में हाथ में हेडफोन लिए बिल्डिंग की सीढ़ियों से छत की तरफ जाती हुई दिख रही हैं. उनके चेहरे या चालृढाल से किसी को इस बात का यकीन नहीं हो पा रहा है कि इसके कुछ ही देर बाद ट्विशा की मौत हो जाएगी.
ADVERTISEMENT
सीसीटीवी फुटेज में क्या दिखा
सामने आए सीटीवी फुटेज में ट्विशा सीढ़ियों से होते हुए अपने कमरे में जाती है. बताया जा रहा है कि इस दौरान ट्विशा ने अपनी मां से फोन पर बात करते हुए ससुराल में हो रही कथित प्रताड़ना का जिक्र किया था. बातचीत के बीच में ही मां को फोन पर किसी तीसरे शख्स की भारी आवाज सुनाई दी और कॉल अचानक कट गया. मां का दावा है कि वह आवाज संभवतः ट्विशा के पति समर्थ की थी. इसके बाद जब मां ने दोबारा संपर्क करने की कोशिश की तो फोन नहीं उठा.
घबराई हुई मां ने फौरन ट्विशा की सास रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह को फोन कर बेटी का फोन न उठने की बात कही. इसके बाद जब सास और पति समर्थ छत पर पहुंचे तो दावा किया गया कि ट्विशा वहां एक जिमनास्टिक इलास्टिक बेल्ट के सहारे फंदे पर लटकी हुई थीं.
इसके बाद के सीसीटीवी फुटेज दिल दहला देने वाले हैं. पति समर्थ सिंह, एक रिश्तेदार और घरेलू कर्मचारी ट्विशा को सीढ़ियों से नीचे लाते हुए दिख रहे हैं. स्थिति इतनी नाजुक थी कि वे सीढ़ियों पर ही ट्विशा को सीपीआर देकर बचाने की आखिरी और नाकाम कोशिश करते नजर आए. बाद में उन्हें अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. इस पूरे घटनाक्रम में एक और सीसीटीवी फुटेज ने जांचकर्ताओं के कान खड़े कर दिए हैं. फुटेज में ट्विशा की सास गिरिबाला सिंह एक कमरे में जाती हैं और महज कुछ सेकंड बाद बाहर निकलकर नीचे चली जाती हैं. इस शॉर्ट विजिट ने कई नए सवालों को जन्म दे दिया है.
जांच के 3 सबसे बड़े अनसुलझे सवाल
- छत पर बिताए उस एक घंटे में ट्विशा ने अपनी मां और भाई के अलावा क्या किसी और से भी बात की थी?
- फोन कटने से ठीक पहले मां ने जो आवाज़ सुनी थी, वो वाकई समर्थ की थी?
- अगर ट्विशा डिप्रेशन में थीं तो छत पर जाते वक्त वो इतनी सामान्य क्यों दिख रही थीं?
अभी क्या चल रहा है
बीते 12 मई को छत के सरिये से लटकी मिली ट्विशा की मौत के इस मामले में अब पुलिस ने जांच की कमान एक विशेष जांच टीम (SIT) को सौंप दी है. मृतका के परिजनों का साफ कहना है कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या है जिसके पीछे ससुराल की प्रताड़ना है. फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के हर एक फ्रेम, कॉल डंप डेटा और फॉरेंसिक सबूतों को खंगालकर ये जानने की कोशिश में लगी है कि आखिर ट्विशा की मौत का असली सच क्या है?
ADVERTISEMENT









