Deepika Nagar Post Mortem News: उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर जिले के जलपुरा गांव (ग्रेटर नोएडा) में रहने वाली 24 साल की विवाहिता दीपिका की संदिग्ध मौत के मामले में पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट की डराने वाली डिटेल्स सामने आई हैं. रिपोर्ट से साफ हुआ है कि दीपिका के शरीर पर सिर्फ छत से गिरने की चोटें नहीं थीं, बल्कि मौत से पहले उसके साथ बर्बरता की गई थी. रिपोर्ट के अनुसार, उसके शरीर पर सिर से लेकर पैर तक कई गंभीर और गहरे जख्म पाए गए हैं.
ADVERTISEMENT
ये है पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट की पूरी डिटेल
बाहरी चोटों का विवरण
- दीपिका के दाहिने चेहरे पर लगभग 12 सेमी × 9 सेमी आकार की गंभीर सूजन और नील पाई गई है.
- बाएं कोहनी जोड़ पर लगभग 9 सेमी × 6 सेमी आकार की चोट और नील का निशान मिला है.
- बाएं फोरआर्म पर लगभग 8 सेमी × 5 सेमी आकार की चोट पाई गई.
- दाहिने जांघ पर लगभग 38 सेमी × 14 सेमी आकार का एक बहुत बड़ा और गहरा नीला दबाव का चिन्ह पाया गया है.
- बाएं घुटने के जोड़ पर लगभग 4 सेमी × 1.5 सेमी आकार का बेहद गंभीर घाव मिला है, जो हड्डी तक गहरा था.
- कमर और पेट के निचले हिस्से में लगभग 1.5 सेमी × 1 सेमी आकार का घाव पाया गया है.
- दाहिने इलियक क्रेस्ट (कमर के हिस्से) के ऊपर लगभग 25 सेमी × 22 सेमी आकार का एक बड़ा गोलाकार नीला निशान मिला है.
- दाहिने हाथ पर दाहिने हाथ के चारों ओर गोलाकार चोट के निशान पाए गए हैं.
- बाएं कान से लगातार रक्तस्राव होना पाया गया है.
- छाती और पेट के बाईं ओर गहरे दबाव तथा घर्षण के निशान पाए गए हैं.
आंतरिक जांच की रिपोर्ट से क्या पता चला?
- दिमाग के मध्य और बाईं ओर भारी हेमेटोमा यानी रक्त का थक्का जमा हुआ पाया गया है.
- अंदरूनी चोट के कारण दीपिका की तिल्ली पूरी तरह फटी हुई मिली है.
- बाईं किडनी पूरी तरह पीली अवस्था में पाई गई.
- अत्यधिक ब्लीडिंग के कारण हृदय के चैम्बर बिल्कुल खाली पाए गए हैं.
- शरीर के कई अन्य आंतरिक और विभिन्न भागों में भारी ब्लीडिंग (रक्तस्राव) दर्ज की गई है.
डॉक्टरों के निष्कर्ष के मुताबिक, शरीर पर अनेक गंभीर बाहरी और आंतरिक चोटें पाई गई हैं. विशेष रूप से मस्तिष्क में हेमेटोमा (खून का थक्का जमना) तथा तिल्ली का फटना किसी गंभीर आघात (Trauma) की ओर साफ इशारा करता है. इसके अलावा, किसी भी प्रकार के विषैले पदार्थ की जांच के लिए डॉक्टरों ने दीपिका का विसरा सुरक्षित (प्रिजर्व) कर लेबोरेटरी टेस्ट के लिए भेज दिया है.
क्या है ये पूरा मामला
यह दर्दनाक घटना उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर जिले के इकोटेक-3 (Ecotech-3) थाना क्षेत्र की है. पुलिस के अनुसार, 24 साल की दीपिका की शादी करीब डेढ़ साल पहले (दिसंबर 2024 में) जलपुरा गांव के रहने वाले ऋतिक के साथ हुई थी. दीपिका ने बीए और बीएड (BA, B.Ed) की पढ़ाई की थी, जबकि उसका पति ऋतिक एलएलबी (LLB) की डिग्री धारक है और उसके पिता मनोज का स्थानीय व्यापार है.
बीते रविवार की रात दीपिका की अपनी तीन मंजिला ससुराल की छत से गिरकर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी. ससुराल पक्ष का दावा था कि वह छत से गिर गई है, लेकिन दीपिका के पिता संजय नागर और मायके पक्ष का सीधा आरोप है कि यह आत्महत्या या हादसा नहीं, बल्कि दहेज के लिए की गई सोची-समझी हत्या है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के 26 साल के पति ऋतिक और ससुर मनोज को गिरफ्तार कर लिया है और दहेज हत्या की धाराओं में जांच शुरू कर दी है.
फॉर्च्यूनर कार और 50 लाख कैश की मांग, विदाई में दिए थे 1 करोड़
दीपिका के चाचा सुनील नागर ने बताया कि उन्होंने दिसंबर 2024 में हुई इस शादी में करीब 1 करोड़ रुपये खर्च किए थे, जिसमें दहेज के रूप में महिंद्रा स्कॉर्पियो (Scorpio N) गाड़ी, 35 से 40 तोला सोना और भारी नकदी दी गई थी. लेकिन शादी के दो-तीन महीने बाद ही ससुराल वाले नाखुश रहने लगे और वे दीपिका को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने लगे.
दीपिका के पिता संजय नागर ने बताया कि रविवार की दोपहर दीपिका ने उन्हें फोन कर रोते हुए बताया था कि दहेज में फॉर्च्यूनर कार और 45 से 50 लाख रुपये कैश न मिलने के कारण ससुराल वाले उसके साथ बुरी तरह मारपीट कर रहे हैं.
पिता के लौटने के कुछ ही देर बाद आया मौत का फोन
बेटी की रोने की आवाज सुनकर पिता संजय नागर शाम करीब 7 बजे कुछ लोगों के साथ जलपुरा स्थित उसकी तीन मंजिला ससुराल पहुंचे. वहां दोनों पक्षों के बीच मामले को शांति से सुलझाने की बातचीत हुई. पिता वहां से अपनी बेटी को समझाकर लौटे ही थे कि रात करीब 12:30 बजे ससुराल वालों का फोन आया कि दीपिका छत से गिरकर घायल हो गई है और वे सीधे शारदा अस्पताल पहुंचें. पिता जब अस्पताल पहुंचे, तो वहां दीपिका मृत अवस्था में पड़ी थी.
स्क्रू-ड्राइवर से गोदने और बयानों में हेरफेर का आरोप
दीपिका के पिता संजय नागर ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि उनकी बेटी के शरीर पर जो निशान हैं, वे किसी स्क्रू-ड्राइवर (पेचकस) से गोदे जाने जैसे प्रतीत होते हैं. उन्होंने बताया कि ससुराल वालों के बयानों में भारी अंतर है. पहले उन्होंने कहा कि दीपिका सीढ़ियों से गिरी है और बाद में कहने लगे कि वह छत से कूद गई है. असल में उसे पहले घर के अंदर जान से मारा गया और फिर तीसरी मंजिल की छत से नीचे फेंक दिया गया. वहीं दीपिका की चाची गीता देवी ने आरोप लगाया कि उसे छत से धक्का दिया गया और जब वह नहीं मरी, तो उसे चाकू या गोली मारी गई, जबकि चाचा कुलदीप ने आरोपियों के घर को ढहाने की मांग की है.
पुलिस का क्या कहना है?
डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस (DCP) शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि पीड़िता के पिता की लिखित तहरीर के आधार पर इकोटेक-3 थाने में दहेज हत्या की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर (FIR) दर्ज की गई है. मुख्य आरोपी पति ऋतिक और ससुर मनोज को सोमवार सुबह ही गिरफ्तार कर लिया गया था, जबकि शिकायत में नामजद अन्य 5 आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है.
गौरतलब है कि ग्रेटर नोएडा में कुछ महीनों पहले अगस्त 2025 में भी ऐसा ही एक मामला सामने आया था, जब निक्की भाटी नाम की महिला को 36 लाख रुपये के दहेज के लिए उसके पति और ससुराल वालों ने जिंदा जला दिया था.
ADVERTISEMENT









