Jhansi Gas Cylinder Theft: उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में एक सप्ताह पहले हुई 524 गैस सिलेंडरों से भरे ट्रक की चोरी का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है. पुलिस ने इस मामले में चोरी के सिलेंडर खरीदने वाले गैस एजेंसी मालिक समेत कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. बता दें कि पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी हुए सभी 524 सिलेंडर, 11 लाख से अधिक रुपये नकद, एक तमचा और बाइक भी बरामद की है. बरामद सिलेंडरों को फिलहाल थाने में सुरक्षित रखा गया है और किसी भी तरह की अनहोनी से बचने के लिए वहां पुलिसकर्मियों की तैनाती के साथ फायर ब्रिगेड की गाड़ी भी खड़ी की गई है.
ADVERTISEMENT
एक सप्ताह पहले हुई थी ट्रक चोरी
बता दें कि झांसी के सीपरी बाजार थाना क्षेत्र में स्थित एक गैस प्लांट के बाहर से 2 से 6 मार्च के बीच 524 गैस सिलेंडरों से भरा एक ट्रक चोरी हो गया था. इसके बाद इस मामले में 6 मार्च को ट्रक मालिक नीरज अग्रवाल ने सीपरी बाजार थाने में शिकायत दर्ज कराई थी. मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और इसी दौरान पुलिस को झांसी-कानपुर हाईवे पर पारीछा के पास खाली ट्रक खड़ा मिला. ट्रक बरामद होने के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी.
मुठभेड़ के दौरान चार आरोपी गिरफ्तार
जांच के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता उस समय मिली जब सीपरी बाजार थाना पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मुठभेड़ के दौरान चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. पकड़े गए आरोपियों की पहचान जावेद निवासी प्रेमनगर, आमिर निवासी समथर, रितिक निवासी प्रेमनगर और सुमित अहिरवार निवासी प्रेमनगर के रूप में हुई है. इनसे पूछताछ के बाद पुलिस ने उनकी निशानदेही पर तीन और आरोपियों, शुभांकर, अभिषेक और सुरेंद्र को भी गिरफ्तार कर लिया है.
524 सिलेंडर और लाखों रुपये बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी हुए सभी 524 गैस सिलेंडर बरामद कर लिए हैं. इनमें 379 सिलेंडर भरे हुए थे जबकि 135 सिलेंडर खाली मिले हैं. इसके अलावा पुलिस ने आरोपियों से 11 लाख 10 हजार रुपये नकद, एक तमंचा, कारतूस और एक बाइक भी बरामद की है. जांच में यह भी सामने आया कि खाली सिलेंडरों की गैस बेचकर आरोपियों ने 83 हजार 820 रुपये कमाए थे जिसे भी पुलिस ने बरामद कर लिया है.
बकाया पैसे के लिए रची गई थी साजिश
पुलिस की जांच में पता चला कि पकड़े गए आरोपियों में जावेद और रितिक पहले ट्रक मालिक नीरज अग्रवाल के यहां ड्राइवर के रूप में काम करते थे. बाद में उन्हें नौकरी से निकाल दिया गया था. दोनों आरोपियों का करीब 60 से 70 हजार रुपये ट्रक मालिक पर बकाया था.अपने बकाया पैसे की भरपाई करने के लिए दोनों ने ट्रक चोरी की योजना बनाई.इसके बाद सुमित को भी इस योजना में शामिल कर लिया गया. बाद में समथर में स्थित शिव गैस एजेंसी में काम करने वाले आमिर से संपर्क किया गया और चोरी किए गए सिलेंडरों को 13 लाख रुपये में बेच दिया गया.
आरोपियों ने सिलेंडर बेचने के बाद खाली ट्रक को वापस गैस प्लांट के पास छोड़ने की योजना बनाई थी. लेकिन जब वे ट्रक लेकर लौट रहे थे तो पारीछा के पास सुबह हो गई. लोगों की नजर पड़ने के डर से आरोपी ट्रक को वहीं छोड़कर फरार हो गए थे.
पुलिस ने कड़ी सुरक्षा में रखे सिलेंडर
बरामद किए गए गैस सिलेंडरों को फिलहाल थाने में रखा गया है. सिलेंडरों की संख्या अधिक होने और उनमें गैस भरी होने के कारण सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं. थाने में पुलिसकर्मियों को पहरे पर लगाया गया है और एहतियात के तौर पर एक फायर ब्रिगेड की गाड़ी भी मौके पर तैनात की गई है.
एसएसपी ने दी जानकारी
झांसी के एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने बताया कि 6 मार्च को 524 गैस सिलेंडरों से भरे ट्रक की चोरी की सूचना मिली थी जिसके बाद तुरंत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई. जांच के दौरान खाली ट्रक बरामद हुआ और आरोपियों को पकड़ने के लिए कई टीमें गठित की गईं. उन्होंने बताया कि पुलिस टीमों ने सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई और मुठभेड़ के दौरान चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया. बाद में उनकी निशानदेही पर तीन और लोगों को पकड़ा गया.
एसएसपी के अनुसार चोरी किए गए सिलेंडर 13 लाख रुपये में बेचे गए थे, जिनमें से 11 लाख 10 हजार रुपये बरामद कर लिए गए हैं. सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेजा जा रहा है. एसएसपी ने बताया कि इस मामले का खुलासा करने वाली पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की गई है. वहीं पूरे मामले में आगे की जांच भी जारी है.
यह भी पढ़ें: भारतीय नौसेना का जवान आदर्श कुमार निकला ISI का जासूस, यूपी ATS की गिरफ्तारी से मचा हड़कंप...
ADVERTISEMENT









