Gorakhpur News: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले से सरेआम गुंडागर्दी और पुलिस की लापरवाही का एक मामला सामने आया है. यहाँ शाहपुर थाना क्षेत्र के कौवा बाग रेलवे अस्पताल मार्ग पर दिनदहाड़े बीच सड़क पर एक महिला की कार में तोड़फोड़ की गई. उपद्रवी यहीं नहीं रुका, उसने महिला के साथ बदसलूकी और मारपीट भी की. इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया है. सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी सब कुछ देखते रहे और मूकदर्शक बने रहे.
ADVERTISEMENT
बाइक टक्कर के बाद बढ़ा विवाद
यह पूरी घटना उस समय हुई जब रेल विहार कॉलोनी की रहने वाली शिवांगी शुक्ला नाम की महिला अपने बीमार पिता के इलाज के लिए रेलवे अस्पताल जा रही थीं. कौवा बाग मार्ग पर उनकी कार की टक्कर एक बाइक से हो गई. हादसा होते ही बाइक सवार युवक भड़क गया और महिला पर जबरन माफी मांगने का दबाव बनाने लगा. जब महिला ने इसका विरोध किया, तो युवक ने फोन करके अपने कुछ और दबंग साथियों को मौके पर बुला लिया. उन युवकों ने महिला को जबरन कार से बाहर खींचने की कोशिश की, उनके साथ अभद्रता की और कार को लाठी-डंडों से क्षतिग्रस्त कर दिया.
मूकदर्शक बनी रही यूपी पुलिस
इस पूरे मामले में सबसे असंवेदनशील और गंभीर पहलू पुलिस की भूमिका को लेकर खड़ा होता है. प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि जब महिला के साथ यह प्रताड़ना और कार में तोड़फोड़ हो रही थी, तब खाकी वर्दीधारी पुलिसकर्मी पास में ही खड़े दिखाई दे रहे थे. कानून व्यवस्था को ठेंगा दिखाने वाले इन दबंगों को कानून के रखवालों का जरा भी डर नहीं था. महिलाओं की सुरक्षा का दावा करने वाली पुलिस की इस भूमिका पर अब गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं कि आखिर वे उस वक्त इतने असहाय क्यों नजर आए.
एक आरोपी गिरफ्तार, जांच शुरू
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने और मामले के तूल पकड़ने के बाद शाहपुर पुलिस तुरंत हरकत में आ गई. पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है. इस पूरे मामले पर जानकारी देते हुए एसपी सिटी निमेश पाटिल ने बताया कि कार और बाइक के एक्सीडेंट के बाद महिला के साथ बदतमीजी का प्रकरण सामने आया था. पुलिस ने तुरंत इसका संज्ञान लेकर सुसंगत धाराओं में एफआईआर दर्ज की है. पुलिस ने घटना में शामिल अभियुक्तों को चिन्हित करके उनमें से एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और बाकी आरोपियों की तलाश जारी है.
ADVERTISEMENT










