गोरखपुर में किराएदार ने पांच साल के बच्चे के साथ किया कांड... फुलकी खिलाने के बहाने ले गया सुनसान जगह, फिर जो किया उड़ा देगा होश!

यूपी तक

• 12:29 PM • 05 Jul 2026

Gorakhpur News: गोरखपुर के सहजनवा इलाके में किराएदार ने मकानमालिक के पांच साल के बेटे की हत्या कर दी है. आरोपी ने बच्चे को फुलकी खिलाने के बहाने एक सुनसान जगह ले जाकर इस वारदात को अंजाम दिया है. पुलिस ने CCTV फुटेज के जरिए आरोपी की पहचान कर जेल भेज दिया है.

Google CTA

Gorakhpur News: गोरखपुर के सहजनवा इलाके से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहाँ घर में रहने वाले एक किराएदार ने ही मकान मालिक के 5 साल के मासूम बेटे की बेरहमी से हत्या कर दी है. बच्चा 24 घंटे पहले घर से लापता हुआ था, जिसकी लाश शुक्रवार को झाड़ियों के बीच एक खंडहर में बोरे के अंदर बंद मिली है. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी किराएदार को गिरफ्तार कर लिया है. इस घटना के बाद से पूरे इलाके में लोगों के बीच भारी गुस्सा और तनाव का माहौल है.

यह भी देखें...

फुलकी खाने निकला था मासूम

यह दर्दनाक घटना सहजनवा नगर पंचायत के वार्ड नंबर 9 पिपरा इलाके की है. यहाँ रहने वाले विपिन सिंह का 5 साल का इकलौता बेटा गुरुवार 2 जुलाई की शाम को करीब 5 बजे घर से निकला था. वह अपनी दादी से फुलकी खाने के लिए पैसे लेकर गया था. उसी घर के एक हिस्से में कल्पेश नाम का एक व्यक्ति किराए पर रहता था, जो फुलकी बेचने का काम करता था. कल्पेश की नजर उस मासूम बच्चे पर थी. वह बच्चे को बहला-फुसलाकर अपने साथ एक सुनसान रास्ते की तरफ ले गया. जब बच्चा देर रात तक घर नहीं लौटा, तो परिवार वालों ने घबराकर तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी.

सीसीटीवी फुटेज से खुला राज

पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए रात भर बच्चे की तलाश की, लेकिन शुक्रवार की दोपहर तक उसका कुछ पता नहीं चला. पुलिस को घर के किराएदार कल्पेश पर शक हुआ, तो उन्होंने उसे हिरासत में ले लिया और पूछताछ शुरू की. इसी बीच शुक्रवार की शाम को पुलिस को एक सीसीटीवी फुटेज हाथ लगी. इस वीडियो में कल्पेश उस मासूम बच्चे को अपने साथ ले जाता हुआ साफ दिखाई दे रहा था. इस पक्के सबूत के बाद पुलिस ने जब कल्पेश से सख्ती से पूछताछ की, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया.

बोरे में मिली मासूम की लाश

आरोपी कल्पेश की निशानदेही पर पुलिस टीम झाड़ियों के बीच बने एक पुराने खंडहर में पहुँची. वहाँ एक बोरे के अंदर उस मासूम बच्चे का शव बरामद हुआ. बच्चे की मौत की खबर फैलते ही मौके पर हजारों लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई. गुस्साए लोगों को संभालने के लिए कई थानों की पुलिस फोर्स को बुलाना पड़ा. फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुँचकर फिंगरप्रिंट और अन्य वैज्ञानिक सबूत इकट्ठा किए हैं. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की सही वजह का पता चल सकेगा. फिलहाल आरोपी पुलिस की कस्टडी में है और मामले की जाँच जारी है.