जबरन कंवर्जन, ब्लैकमेल और जान से मारने की धमकी, कानपुर में मासूम बच्ची के बस ड्राइवर मुख्तार कुरैशी ने रची साजिश

यूपी तक

• 11:58 AM • 05 Jul 2026

Kanpur Dehat News: कानपुर में 14 साल की छात्रा की शिकायत पर बस चालक समेत तीन पर गंभीर धाराओं में केस दर्ज, दो आरोपी गिरफ्तार. पुलिस प्रेमजाल, ब्लैकमेल और धर्मांतरण के आरोपों की जांच कर रही है.

Google CTA

Kanpur Dehat News: कानपुर देहात के मूसानगर थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. यहाँ आठवीं कक्षा में पढ़ने वाली एक 14 साल की नाबालिग बच्ची को उसकी स्कूल बस के ड्राइवर ने एक बड़ी घिनौनी साज़िश का शिकार बनाया है. आरोपी ड्राइवर ने छात्रा को बहला-फुसलाकर पहले प्रेम जाल में फंसाया और फिर उस पर धर्म परिवर्तन करने का दबाव बनाया. पीड़ित परिवार की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी बस ड्राइवर समेत दो लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. इस घटना से पूरे इलाके में तनाव और भारी आक्रोश का माहौल है.

यह भी देखें...

बस ड्राइवर ने रची खौफनाक साजिश

पीड़ित पिता द्वारा पुलिस में दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, इस पूरे अपराध का मुख्य आरोपी उनकी बेटी की स्कूल बस का चालक मुख्तार कुरैशी है. मुख्तार ने छात्रा के भोलेपन का फायदा उठाया और उसे बुरी तरह बहलाया-फुसलाया. इसके बाद उसने छात्रा की जान-पहचान राज रईन नाम के एक अन्य युवक से करवा दी. इन आरोपियों ने मर्यादा की सारी सीमाएं पार करते हुए नाबालिग लड़की के साथ छेड़छाड़ की और धोखे से उसकी कुछ आपत्तिजनक तस्वीरें भी खींच लीं.

तस्वीरें दिखाकर किया बच्ची को ब्लैकमेल

आरोपियों ने इन आपत्तिजनक तस्वीरों के दम पर बच्ची को इस कदर डराया और धमकाया कि वह डर के मारे किसी से कुछ नहीं कह सकी. आरोपी बस ड्राइवर और उसके साथी छात्रा पर लगातार धर्म परिवर्तन करने और निकाह करने का दबाव बना रहे थे. जब बच्ची ने इसका कड़ा विरोध किया, तो उन्होंने तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल करने और उसके पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी. बीते 20 अप्रैल को आरोपियों ने क्रूरता की हदें पार करते हुए छात्रा को एक नशीला पदार्थ दिया और उसे अपने परिवार के खाने में मिलाने को कहा. इसके बाद उन्होंने बच्ची को घर के पास एक सुनसान खंडहर में बुलाया, जहाँ मोनिस, मुख्तार और राज रईस ने उसके साथ दरिंदगी करने की कोशिश की और दोबारा धर्म परिवर्तन का दबाव डाला.

पुलिस ने दो आरोपियों को पकड़ा

जब प्रताड़ना बहुत अधिक बढ़ गई, तो पीड़ित परिवार ने हिम्मत जुटाई और मूसानगर थाने में शिकायत दर्ज करवाई. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत त्वरित कार्रवाई की है. पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ अपहरण, छेड़छाड़, दुष्कर्म के प्रयास, पोक्सो एक्ट और उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म समपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम के तहत बेहद सख्त और गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है. पुलिस की टीमों ने ताबड़तोड़ दबिश देकर मुख्य आरोपी बस चालक मुख्तार कुरैशी और राज रईन को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. इस घिनौने अपराध में शामिल तीसरे आरोपी मोनिस की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है.