Meerut Crime: उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहाँ सरूरपुर थाना क्षेत्र के कस्बा हर्रा में एक पति ने अपनी सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर पत्नी की धारदार हथियार से बेरहमी से हत्या कर दी है. मृतका की पहचान 28 साल की निशा चौहान के रूप में हुई है, जो इंस्टाग्राम पर काफी पॉपुलर थीं और अपना ब्यूटी पार्लर भी चलाती थीं. आरोपी पति प्रदीप ने बच्चों के सामने ही इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया और बीच-बचाव करने आए अपने एक मासूम बच्चे को भी घायल कर दिया. पत्नी की जान लेने के बाद आरोपी ने खुद को भी गंभीर रूप से घायल कर लिया, जिसके बाद उसे पुलिस निगरानी में अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
ADVERTISEMENT
रील और प्रॉपर्टी को लेकर विवाद
निशा चौहान की इंस्टाग्राम पर रील्स बनाने के कारण सोशल मीडिया पर हजारों की फैन फॉलोइंग थी. इस बात को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर अनबन रहने लगी थी. इस खूनी विवाद की तात्कालिक वजह एक जमीन की रजिस्ट्री बनी. दोनों ने हाल ही में एक प्रॉपर्टी खरीदी थी, जिसकी रजिस्ट्री को लेकर गुरुवार को दोनों में जमकर झगड़ा हुआ था. यह विवाद शुक्रवार की सुबह भी जारी रहा और बात इतनी बढ़ गई कि आरोपी पति ने अपना आपा खो दिया.
मासूम बच्चों के सामने खूनी वारदात
शुक्रवार सुबह विवाद बढ़ने पर प्रदीप घर में रखा धारदार हथियार उठा लाया. उसने बच्चों के सामने ही निशा पर ताबड़तोड़ वार करने शुरू कर दिए. मां को खून से लथपथ देखकर बच्चे बुरी तरह से चीखने-चिल्लाने लगे. इस दौरान बीच-बचाव करने आया उनका एक मासूम बच्चा भी हमले में चोटिल हो गया. निशा की सांसें थमने के बाद आरोपी प्रदीप ने उसी हथियार से खुद पर भी वार कर लिया. चीख-पुकार सुनकर जब पड़ोसी घर के अंदर पहुंचे, तो निशा मृत पड़ी थी और प्रदीप खून से लथपथ बेहोश था.
पुलिस और फॉरेंसिक टीम की जांच
शुक्रवार सुबह लगभग 6 बजे घटना की सूचना मिलते ही सरूरपुर थाने की पुलिस और उच्च अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंच गए. पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाकर घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं. मौके से मिले सीसीटीवी फुटेज और अन्य जानकारियों से भी पुलिस को इस विवाद और हत्या की पुष्टि हुई है. पुलिस ने निशा के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. आरोपी प्रदीप का अस्पताल में पुलिस की कड़ी निगरानी में इलाज चल रहा है और पुलिस मामले की गहन तफ्तीश में जुटी है.
ADVERTISEMENT










