Agra Husband Murder Case: आगरा के चर्चित पति हत्याकांड में हर गुजरते घंटे के साथ नए और चौंकाने वाले खुलासे सामने आ रहे हैं. सिकंदरा थाना क्षेत्र की रेणुका धाम कॉलोनी में रहने वाली रूबी पर अपने पति सुरेंद्र कुमार शर्मा की हत्या कर शव को घर के बाथरूम में दफनाने का आरोप है. पुलिस का दावा है कि पूछताछ में रूबी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है और हत्या से लेकर शव छिपाने तक की पूरी कहानी बताई है. हालांकि पुलिस अब भी यह जांच कर रही है कि क्या यह पूरा अपराध रूबी ने अकेले किया या किसी और की भी इसमें भूमिका थी.
ADVERTISEMENT
18 मई को गायब हुए सुरेंद्र
मृतक सुरेंद्र कुमार शर्मा (44) मूल रूप से राजस्थान के भरतपुर के रहने वाले थे. वह आगरा के सिकंदरा थाना क्षेत्र की रेणुका धाम कॉलोनी में पत्नी रूबी, मां कमला देवी और दो बेटियों के साथ रहते थे. परिवार के अनुसार 18 मई को सुरेंद्र अचानक लापता हो गए. रूबी लगातार कहती रही कि सुरेंद्र झगड़ा करके घर छोड़कर चले गए हैं और जल्द लौट आएंगे. बाद में 26 मई को गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई.
इस दौरान रूबी पुलिस के साथ सीसीटीवी फुटेज भी देखती रही, पति को याद कर रोने का नाटक करती रही और अलग-अलग बयान देकर जांच को भटकाने की कोशिश करती रही.
जेठ को फोन कर कहा- घर के अंदर मत आना
मृतक के बड़े भाई अनिल शर्मा के मुताबिक 18 मई की सुबह रूबी ने फोन कर कहा कि घर में पुलिस का कोई मामला हो गया है, इसलिए मां और दोनों बच्चियों को अपने साथ ले जाएं. उसने यह भी कहा कि घर के अंदर न आएं और बच्चों को पास की दुकान से ही ले जाएं. बाद में उसने बताया कि सुरेंद्र झगड़ा करके चले गए हैं और दो-तीन दिन में लौट आएंगे. 19 मई को रूबी भी बच्चों के पास चली गई और करीब एक सप्ताह बाद वापस लौटी. लेकिन सुरेंद्र का कोई पता नहीं चला.
संदेह बढ़ा तो पुलिस ने दोबारा की पूछताछ
जांच के दौरान पुलिस को रूबी के बयानों में कई विसंगतियां मिलीं. शुक्रवार को जब पुलिस दोबारा उसके घर पहुंची तो उसका व्यवहार संदिग्ध लगा. इसी बीच मृतक के भाई अनिल शर्मा ने भी कुछ अहम जानकारियां पुलिस को दीं.
सूत्रों के अनुसार, परिवार लगातार रूबी से पूछता रहा कि यदि कोई गलती हुई है तो सच बता दे. आखिरकार कड़ी पूछताछ के दौरान रूबी टूट गई और उसने कबूल किया कि सुरेंद्र का शव घर के बाथरूम में दबा है.
फर्श तुड़वाया गया, नीचे मिला शव
रूबी की निशानदेही पर पुलिस ने बाथरूम का फर्श खुदवाना शुरू किया. खुदाई के दौरान सुरेंद्र का शव बरामद हुआ, जिसे पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया. शव मिलने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई.
अनिल शर्मा (मृतक के भाई) के अनुसार: “रूबी ने बताया कि सुरेंद्र यहीं हैं. जब हमने बाथरूम में देखा तो कुछ नहीं मिला. फिर उसने कहा कि फर्श के नीचे हैं. उसके बाद हमने तुरंत पुलिस को सूचना दी.”
पुलिस का दावा: पहले नशीला पदार्थ, फिर हत्या
पुलिस सूत्रों के मुताबिक रूबी ने पूछताछ में बताया कि उसने पहले पति को खाने में नशीला पदार्थ दिया. इसके बाद उसकी हत्या कर दी. अगले दिन सास और बच्चों को जेठ के घर भेजने के बाद उसने शव को घसीटकर बाथरूम तक पहुंचाया, वहां गड्ढा खोदकर दफना दिया और ऊपर से मिट्टी डालकर समतल कर दिया.
पुलिस का कहना है कि शक से बचने के लिए बाद में रूबी ने मिस्त्री बुलाकर बाथरूम ऊंचा कराने का बहाना बनाया और पूरे फर्श पर सीमेंट का प्लास्टर करवा दिया.
45 दिन तक गुमराह करती रही
पड़ोसियों के अनुसार रूबी करीब डेढ़ महीने तक यही कहती रही कि उसका पति लापता है. उसने जगह-जगह गुमशुदगी के पोस्टर लगवाए, रेलवे स्टेशन और चौराहों तक पोस्टर चिपकवाए गए और पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले, लेकिन सुरेंद्र का कोई सुराग नहीं मिला.
स्थानीय लोगों का कहना है कि पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़े होते थे. पड़ोसी गौरव दीक्षित ने बताया कि सुरेंद्र शराब पीने के आदी थे, काम नहीं करते थे और पैसों को लेकर घर में विवाद होता रहता था.
शराब, मारपीट और घरेलू विवाद का दावा
रूबी ने भी पूछताछ में दावा किया कि उसका पति शराब पीता था, कोई काम नहीं करता था और आए दिन उसके साथ मारपीट करता था. परिवार का खर्च उसकी सास की सरकारी पेंशन से चलता था. हालांकि पुलिस इन दावों की भी जांच कर रही है.
क्या रूबी अकेली थी? पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी
फिलहाल पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या रूबी अकेले इतना बड़ा अपराध कर सकती थी. पुलिस टेलीफोन रिकॉर्ड, सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्य खंगाल रही है. मौके पर फॉरेंसिक टीम भी बुलाई गई है.
अधिकारियों का कहना है कि अंतिम सच पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और अदालत में पेश होने वाले सबूतों के बाद ही सामने आएगा. फिलहाल रूबी पुलिस हिरासत में है और पूरे मामले की जांच जारी है.
ADVERTISEMENT










