Rajendra Chaudhary Health Update: समाजवादी पार्टी (सपा) के मुख्य राष्ट्रीय प्रवक्ता और पार्टी के संकटमोचक माने जाने वाले वरिष्ठ नेता राजेंद्र चौधरी की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें लखनऊ के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है. उन्हें सीने में तकलीफ के बाद अस्पताल लाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उन्हें कार्डियक अरेस्ट होने की पुष्टि की है. इस खबर के मिलते ही सपा प्रमुख अखिलेश यादव और उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक तुरंत अस्पताल पहुंचे और उनका हालचाल जाना.
ADVERTISEMENT
अचानक बिगड़ी तबीयत, अस्पताल पहुंचे अखिलेश यादव
मिली जानकारी के मुताबिक, राजेंद्र चौधरी को अचानक सीने में गंभीर दर्द और तकलीफ महसूस हुई. स्थिति को देखते हुए उन्हें बिना समय गंवाए तुरंत सिविल अस्पताल ले जाया गया.
सपा मुखिया अखिलेश यादव तुरंत भागे-भागे अपने इस बेहद करीबी और भरोसेमंद साथी से मिलने अस्पताल पहुंचे. राजेंद्र चौधरी से मुलाकात के बाद अखिलेश यादव ने मीडिया को उनकी सेहत की जानकारी दी. उन्होंने बताया "चौधरी साहब को अचानक तकलीफ हुई, जिसके बाद हम लोग जितनी जल्दी हो सकता था उन्हें अस्पताल लेकर आए. डॉक्टरों ने तुरंत उनका प्राइमरी ट्रीटमेंट शुरू कर दिया है. फिलहाल वह डॉक्टरों की निगरानी (ऑब्जर्वेशन) में हैं."
डॉक्टरों की रिपोर्ट का इंतजार
अखिलेश यादव ने बताया कि शुरुआती इलाज के बाद उनकी स्थिति में सुधार देखने को मिला है. उन्होंने कहा, "अभी जो पहली ईसीजी (ECG) रिपोर्ट आई है, वह पहले से बेहतर है. कुछ देर बाद डॉक्टरों द्वारा एक और ईसीजी की जाएगी, जिसके बाद ही पूरी स्थिति साफ होगी और पता चलेगा कि स्वास्थ्य में कितना सुधार हुआ है."
जब अखिलेश यादव से पूछा गया कि क्या उन्हें किसी दूसरे अस्पताल में शिफ्ट किया जा रहा है, तो उन्होंने कहा कि फिलहाल शिफ्ट करने की कोई बात नहीं है. आगे का फैसला डॉक्टरों के परामर्श और सुझाव के आधार पर ही लिया जाएगा.
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक भी पहुंचे
राजेंद्र चौधरी का हालचाल जानने के लिए उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक भी सिविल अस्पताल पहुंचे. उन्होंने मीडिया से बात करते हुए बताया कि राजेंद्र चौधरी जी को कार्डियक अरेस्ट हुआ है, लेकिन राहत की बात यह है कि उनकी स्थिति अभी स्थिर है और चिंता की कोई बात नहीं है.
डिप्टी सीएम ने बेहतर इलाज का भरोसा देते हुए कहा कि "लोहिया संस्थान के हृदय रोग विभाग के अध्यक्ष श्री भुवन तिवारी जी को भी सिविल अस्पताल बुला लिया गया है. उनकी सीधी देखरेख में इलाज चल रहा है. अभी स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है, लेकिन अगर आगे जरूरत महसूस हुई, तो हम उन्हें लोहिया संस्थान में शिफ्ट करेंगे."
मुलायम और अखिलेश के 'संकटमोचक' हैं राजेंद्र चौधरी
राजेंद्र चौधरी का समाजवादी पार्टी और उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक बड़ा कद है. उन्होंने अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत देश के पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह के साथ की थी. इसके बाद वह मुलायम सिंह यादव के साथ जुड़ गए. वह मुलायम सिंह यादव और अखिलेश यादव दोनों की सरकारों में कैबिनेट मंत्री रह चुके हैं.
पार्टी के भीतर उन्हें अखिलेश यादव के 'साए' और एक मजबूत 'संकटमोचक' के तौर पर देखा जाता है. पार्टी चाहे किसी भी परिस्थिति में हो, राजेंद्र चौधरी हमेशा आगे खड़े नजर आते हैं. यही वजह है कि उनकी तबीयत खराब होने की खबर मिलते ही पूरी पार्टी और प्रशासन अलर्ट हो गया. फिलहाल सभी शुभचिंतक उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं.
ADVERTISEMENT










