Ravi Kishan: गोरखपुर में पल्स पोलियो अभियान की शुरुआत करते हुए बीजेपी सांसद और अभिनेता रवि किशन ने बच्चों को पोलियो की दवाई पिलाई है. बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने के साथ-साथ उन्होंने विपक्ष पर भी तीखा तंज कसा है. उन्होंने हंसते हुए कहा है कि विपक्ष के नेताओं को भी पोलियो की दवा की बहुत जरूरत है. इसके साथ ही उन्होंने राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी मामले में उत्तर प्रदेश सरकार की कार्रवाई की सराहना भी की है.
ADVERTISEMENT
हिंदू-मुस्लिम बच्चों ने पी दवा
कार्यक्रम में रवि किशन ने कहा कि हिंदू हो या मुसलमान, सभी बच्चों ने खुशी से पोलियो की दवा पी है. उन्होंने बताया है कि पीएम मोदी के कहने पर लोग अपने बच्चों के अच्छे भविष्य और स्वास्थ्य के लिए आगे आ रहे हैं. एक सांसद और नागरिक के रूप में यह देखकर उन्हें बहुत अच्छा लग रहा है.
विपक्ष के लिए रखी अलग बोतल
बच्चों की बात करने के बाद रवि किशन ने राजनीति से जुड़ी बातें करनी शुरू कर दी. उन्होंने हंसते हुए कहा कि विपक्ष के खेमे में भी बहुत से नेताओं को पोलियो की खुराक की जरूरत है. उन्होंने मजाक में यह भी कहा कि जो भी नेता दवा लेना चाहता है, वह उनके पास आ सकता है. उन्होंने विपक्ष के लिए एक अलग स्पेशल बोतल भी रखी है.
राहुल गांधी पर कसा तीखा तंज
रवि किशन ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी का नाम लेकर भी उन पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा है कि उन्होंने राहुल गांधी का गुमशुदगी वाला पोस्टर देखा था. उनका कहना है कि अगर राहुल अपनी विदेश यात्रा से वापस लौट आए हैं, तो उनके लिए भी पोलियो की दो बूंद लेनी बहुत जरूरी है.
राम मंदिर मामले पर दी प्रतिक्रिया
राम मंदिर में चढ़ावा चोरी से जुड़े सवाल पर रवि किशन ने इसे बहुत संवेदनशील मुद्दा बताया है. उन्होंने कहा है कि यह एक गंदा पाप था, जिससे पूरे विश्व को बहुत पीड़ा हुई थी. उन्होंने बताया कि सीएम योगी ने तीन दिन में ही दूध का दूध और पानी का पानी कर दिया था. इस मामले में सारे दोषी अब जेल में हैं.
ADVERTISEMENT









