कौशांबी में 19 साल के युवक की पीट-पीटकर हत्या, मां को आखिरी कॉल पर बताया ये सब!

यूपी तक

• 04:55 PM • 11 Jul 2026

Kaushambi Murder: कौशांबी में प्रेमिका से मिलने गए 19 वर्षीय युवक की लड़की के परिजनों ने कथित तौर पर लाठी-डंडों, कुल्हाड़ी, लोहे की रॉड और बल्लम से पीट-पीटकर हत्या कर दी है.

Google CTA

Kaushambi Murder: उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. यहाँ मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र के महुआ खाड़ा गांव में एक 19 साल के युवक की लाठी-डंडों, कुल्हाड़ी, लोहे की रॉड और बल्लम से पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी गई. मृतक युवक अपनी प्रेमिका से मिलने उसके घर गया था, जहाँ लड़की के घरवालों ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया और उस पर जानलेवा हमला कर दिया. अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही युवक ने दम तोड़ दिया. पुलिस ने पीड़ित पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.

यह भी देखें...

प्रेमिका से मिलने पर हुआ हमला

कौशांबी के ओसा गांव का रहने वाला 19 वर्षीय शिव प्रसाद रात के अंधेरे में महुआ खाड़ा गांव में अपने दूर के रिश्तेदार राकेश लोधी के घर गया था. शिव प्रसाद का राकेश की बेटी के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था. जब वह अपनी प्रेमिका से मिलने पहुंचा, तो लड़की के परिवार वालों ने उसे देख लिया और वे अपना आपा खो बैठे. आरोप है कि राकेश, उसके बेटे सचिन, दुर्गेश, पत्नी गेंदिया और पिता गुलजार ने मिलकर शिव प्रसाद को घेर लिया. इन लोगों ने कुल्हाड़ी, लोहे की रॉड और बल्लम (भाले) से उस पर ताबड़तोड़ कई हमले किए, जिससे उसका पूरा सिर फट गया. इस मारपीट के दौरान राकेश की बेटी को भी हल्की चोटें आई हैं, जिसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

मां को किया था आखिरी फोन

घटना वाले दिन शिव प्रसाद एक गांव से किसी काम के लिए कुछ रुपये लेकर घर वापस आ रहा था. शाम सात बजे तक उसकी मां से बात हुई थी. इसके बाद रात को करीब 11:55 बजे शिव प्रसाद ने अपनी मां को एक आखिरी बार फोन किया. वह फोन पर चीखते हुए अपनी जान की भीख मांग रहा था और हमलावरों का नाम लेते हुए कह रहा था, 'मम्मी आकर मुझे बचा लो, ये लोग मुझे मार डालेंगे.' इसके बाद फोन कट गया और सुबह परिवार के सामने शिव प्रसाद की खून से लथपथ लाश पड़ी थी, जिससे पूरे घर में कोहराम मच गया.

पुलिस ने शुरू की कानूनी कार्रवाई

शुक्रवार सुबह लगभग 6 बजे मृतक के पिता राम बदन लोधी ने मंझनपुर थाने जाकर रपट लिखवाई. पुलिस ने तुरंत शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. इस मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन विशेष टीमों का गठन किया गया है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पूछताछ के लिए दो संदिग्ध आरोपियों को हिरासत में भी ले लिया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पिता की लिखित तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.