मोबाइल छीनने से शुरू हुआ बवाल, फिर सड़क पर मच गया घमासान! कानपुर में पुलिस और वकील की मारपीट का वीडियो वायरल!

यूपी तक

• 02:50 PM • 11 Jul 2026

Kanpur Police Lawyer Fight: कानपुर में बीच सड़क एक पुलिसकर्मी और वकील के बीच हुई मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.

Google CTA

Kanpur Police Lawyer Fight: उत्तर प्रदेश के कानपुर से कानून व्यवस्था को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है. यहां बीच चौराहे पर पुलिसकर्मी और एक वकील के बीच जमकर मारपीट हो गई. दोनों ने एक-दूसरे पर लात-घूंसे बरसाए, सड़क पर गिराकर हाथापाई की और काफी देर तक हंगामा चलता रहा. इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो सामने आने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया और मामले की जांच शुरू कर दी गई है. फिलहाल विवाद की असली वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है.

यह भी देखें...

बीच सड़क अखाड़ा बनी सड़क

वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि पुलिस की वर्दी पहने एक सिपाही और काले कोट में मौजूद वकील के बीच पहले तीखी बहस होती है. इसी दौरान वकील कथित तौर पर पुलिसकर्मी का मोबाइल फोन छीन लेता है और उससे माफी मांगने को कहता है. पुलिसकर्मी जब अपनी गलती पूछता है तो दोनों के बीच कहासुनी बढ़ जाती है और देखते ही देखते मामला हाथापाई तक पहुंच जाता है.

दोनों एक-दूसरे पर लात-घूंसे बरसाने लगते हैं. कभी बाल पकड़कर जमीन पर गिराया जाता है तो कभी सड़क पर एक-दूसरे को पटकने की कोशिश होती है. आसपास मौजूद लोग बीच-बचाव करने की कोशिश करते हैं, लेकिन दोनों पक्ष शांत होने के बजाय दोबारा भिड़ जाते हैं. कुछ देर बाद फिर दोनों के बीच कई राउंड तक मारपीट होती रहती है, जबकि वहां मौजूद लोग तमाशा देखते रहते हैं और कुछ लोग अपने मोबाइल फोन से पूरी घटना रिकॉर्ड करते रहते हैं.

लात-घूंसे चले, सड़क पर गिराकर की मारपीट

वीडियो में एक समय ऐसा भी आता है जब वकील पुलिसकर्मी पर लगातार लातों से हमला करता दिखाई देता है. जवाब में पुलिसकर्मी वकील की टांग पकड़कर उसे सड़क पर गिरा देता है और उसके ऊपर चढ़ जाता है. थोड़ी देर बाद दोनों को अलग कर दिया जाता है, लेकिन कुछ ही पलों में फिर झगड़ा शुरू हो जाता है.

इस दौरान हेलमेट पहने कुछ लोग बीच में आकर दोनों को शांत कराने की कोशिश करते हैं, लेकिन गुस्सा इतना ज्यादा था कि मारपीट कई बार दोबारा शुरू हो जाती है. काफी देर तक सड़क पर यही नजारा चलता रहा, जिससे वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई.

वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने लिया संज्ञान

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस अधिकारियों ने तत्काल मामले का संज्ञान लिया. जांच में सामने आया कि वीडियो में दिख रहे दो पुलिसकर्मियों में से एक सिपाही श्याम सिंह पहले से ही निलंबित चल रहा था और लंबे समय से गैरहाजिर भी था. वहीं दूसरे सिपाही धीरज मिश्रा की पहचान होने के बाद उसे भी अनुशासनहीनता और अशोभनीय व्यवहार के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया.

पुलिस ने पूरे मामले की जांच एडीसीपी को सौंप दी है. अधिकारियों का कहना है कि वीडियो में दिखाई देने वाले वकील की पहचान की जा रही है और दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जाएंगे. जांच पूरी होने के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

अब भी बरकरार है सबसे बड़ा सवाल

फिलहाल यह साफ नहीं हो सका है कि आखिर पुलिसकर्मी और वकील के बीच विवाद किस बात को लेकर शुरू हुआ था. पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों से पूछताछ और जांच पूरी होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक वजह सामने आएगी.

हालांकि, इस वायरल वीडियो ने एक बार फिर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है कि जिन लोगों पर कानून की रक्षा और न्याय व्यवस्था को बनाए रखने की जिम्मेदारी है, अगर वही सार्वजनिक स्थान पर इस तरह मारपीट करते नजर आएं, तो आम जनता के बीच कानून और व्यवस्था को लेकर क्या संदेश जाएगा. अब सभी की नजर पुलिस जांच और आगे होने वाली कार्रवाई पर टिकी हुई है.