Gonda News: गोण्डा में ‘ऑपरेशन दहन’, 1 करोड़ के ड्रग्स जलाए, 71 किलो नशीले पदार्थ नष्ट

Gonda Crime News: गोण्डा में 'ऑपरेशन दहन' के तहत पुलिस ने लगभग 71.05 किलो मादक पदार्थ (जिसमें गांजा, चरस, अफीम, स्मैक, डोडा और नशीली गोलियाँ शामिल हैं) को विधिक प्रक्रिया के साथ कोर्ट के समक्ष नष्ट कर दिया.

Newzo

• 05:42 PM • 08 Apr 2026

follow google news

Gonda Crime News: नशा मुक्त अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए विभिन्न थानों में दर्ज एनडीपीएस मामलों से संबंधित भारी मात्रा में मादक पदार्थों को नष्ट कराया. 'ऑपरेशन दहन' अभियान के अंतर्गत करीब 71.05 किलोग्राम मादक पदार्थ, जिसकी अनुमानित अंतरराष्ट्रीय कीमत लगभग एक करोड़ रुपये बताई गई है, को नियमानुसार जलाकर नष्ट किया गया.

यह भी पढ़ें...

पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के निर्देशन में गठित जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटी की मौजूदगी में यह कार्रवाई मैजापुर चीनी मिल के इन्सीनेटर में सम्पन्न हुई. पुलिस के अनुसार जनपद के विभिन्न थानों में दर्ज कुल 122 मुकदमों से संबंधित लंबित मालों का विनिष्टीकरण किया गया.

नष्ट किए गए मादक पदार्थों में 54.96 किलोग्राम गांजा, 3.548 किलोग्राम चरस, 0.412 किलोग्राम अफीम, 0.542 किलोग्राम स्मैक, 1.35 किलोग्राम डोडा तथा 10.24 किलोग्राम नशीली गोलियां शामिल रहीं. पूरी प्रक्रिया सुरक्षा मानकों और विधिक प्रक्रिया के तहत पूरी पारदर्शिता के साथ कराई गई तथा इसकी वीडियोग्राफी भी कराई गई.

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जनपद में नशे के कारोबार पर लगातार सख्ती की जा रही है और मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी. उनका कहना है कि जब्त मादक पदार्थों के विनिष्टीकरण से इनके दोबारा दुरुपयोग की संभावना समाप्त होती है और समाज में नशे के खिलाफ मजबूत संदेश जाता है.

इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी मनोज कुमार रावत, क्षेत्राधिकारी नगर आनन्द कुमार राय, जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटी के सदस्य, प्रभारी डीसीआरबी, विभिन्न थानों के हेड मुहर्रिर तथा चीनी मिल के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे.