Ballia Crime News: उत्तर प्रदेश के बलिया जिले की रेवती थाना पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक बड़ी सफलता हासिल की है. पुलिस ने ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वें पर आतंक का पर्याय बने तीन शातिर लुटेरों को धर दबोचा. इनके कब्जे से न केवल लुटे गए मोबाइल और नगदी बरामद हुई है बल्कि अवैध चाकू और वारदातों में इस्तेमाल होने वाले अपाचे बाइक भी पुलिस के हत्थे चढ़ी है.
ADVERTISEMENT
रेवती थाने के थाना अध्यक्ष अनुपम जायसवाल के नेतृत्व में पुलिस टीम कोतवाली तिराहा पर संदिग्ध की चेकिंग कर रही थी. इसी दौरान मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी की और तीन अभियुक्त को दबोच लिया. पकड़े गए बदमाशों की पहचान गोलू कुमार शाह, नीतीश कुमार और मोनू सिंह के रूप में हुआ.
पूछताछ में बदमाशों ने चौंकाने वाले खुलासे किए. इन लुटेरों ने बीते 31 मार्च को नौकागांव ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे पर एक व्यक्ति से दो मोबाइल फोन झपट लिए थे. इतना ही नहीं इन्होंने 17 दिसंबर 2025 को एक्सप्रेस-वे के पुल संख्या 92 (छेरडीह) के पास से शटरिंग का सामान भी चोरी किया था. बदमाशों ने बताया कि चोरी का सामान बेचकर जो पैसे मिलते थे उन्हें आपस में बांट लिया था. पुलिस ने उनके पास से बचे हुए 1300 रुपए, दो एंड्राइड मोबाइल, दो नाजायज़ चाकू और एक अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की है.
पुलिस ने पकड़े गए लुटेरों पर सख्त कानूनी शिकंजा कस दिया है. पहले से दर्ज मुकदमों में बी एन एस की धारा 317 (2) और 4/25 आर्म्स एक्ट की बढ़ोतरी की गई है. पुलिस ने विधिक कार्रवाई पूरी कर तीनों आरोपियों को न्यायालय भेजा जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया.
ADVERTISEMENT









