Ballia Crime News: उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से चिकित्सा जगत को झकझोर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है. यहां देवकली गांव के निवासी शिवांशु राय ने शहर कोतवाली क्षेत्र स्थित अपूर्वा नर्सिंग होम के डॉक्टर पर गंभीर आरोप लगाते हुए अपनी पत्नी की मौत को सुनियोजित हत्या करार दिया है. पीड़ित पति का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. जिसमें वह न्याय न मिलने की स्थिति में अपने 5 महीने के मासूम बच्चों के साथ आत्मदाह करने की बात कह रहे है.
ADVERTISEMENT
आप को बता दें कि यह मामला पूरे जनपद में न केवल चर्चा का विषय बना है बल्कि प्रशासन के खिलाफ लोगों में आक्रोश भी देखने को मिल रहा है.
“केवल लापरवाही नहीं बल्कि डॉक्टरों द्वारा की गई हत्या है”
दरअसल, शिवांशु राय के अनुसार बीते 22 मार्च को उन्होंने अपनी पत्नी अनीशा पांडेय को पथरी के ऑपरेशन के लिए अपूर्वा नर्सिंग होम में भर्ती कराया था. डॉक्टरों ने उन्हें भरोसा दिया था कि ऑपरेशन लेजर तकनीक से किया जाएगा जिसमें कोई बड़ा चिरा नहीं लगता लेकिन शिवांशु का आरोप है कि बिना उनकी अनुमति और बिना किसी पूर्व सूचना के डॉक्टरों ने अचानक ओपन सर्जरी कर दी और ऑपरेशन के दौरान ही अनीशा की मृत्यु हो गई. शिवांशु का कहना है कि यह केवल लापरवाही नहीं बल्कि डॉक्टरों द्वारा की गई हत्या है.
जिला कार्यालय पर आत्मदाह की चेतावनी
घटना के बाद पुलिस ने आरोपी डाक्टरों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है. हालांकि घटना के 12 दिन बीत जाने के बाद भी आरोपी सभी डॉक्टर पुलिस की गिरफ़्तारी से बाहर है. शिवांशु राय ने प्रशासन पर ढिलाई का आरोप लगाते हुए कहा है कि यदि अगले एक-दो दिनों में गिरफ्तारी नहीं हुई तो वह जिला कार्यालय पर आत्मदाह कर लेंगे. जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से गुहार
वायरल वीडियो में शिवांशु ने अपने 5 माह के बच्चे को इंसाफ दिलाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से गुहार लग रहा है. उन्होंने जनता से इस वीडियो को ज्यादा से ज्यादा साझा करने की अपील की है ताकि उनकी आवाज लखनऊ और दिल्ली तक पहुंच सके. बलिया प्रशासन के लिए यह मामला अब एक बड़ी चुनौती बन गया है.
ADVERTISEMENT









