Ballia Liquor Shop Protest: बलिया में शराब की दुकान पर बवाल: डीएम के आदेश के बाद भी खोलने की कोशिश, ग्रामीणों का उग्र विरोध

Ballia News: बलिया के परिखरा नई बस्ती गांव में देसी शराब की दुकान को हटाने की मांग को लेकर ग्रामीणों और महिलाओं ने जोरदार प्रदर्शन किया. ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि किसी भी हालत में रिहायशी इलाके में दुकान नहीं खुलने देंगे.

Newzo

• 12:32 PM • 01 Apr 2026

follow google news

Ballia News: उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के बांसडीह रोड थाना क्षेत्र अंतर्गत परिखरा नई बस्ती गांव में पिछले लगभग एक दशक से संचालित सरकारी देशी शराब की दुकान को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है. पुरुषों के साथ-साथ बड़ी संख्या में महिलाओं ने भी दुकान के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया.

यह भी पढ़ें...

ग्रामीण अजय प्रताप सिंह के अनुसार, कुछ दिन पहले गांव वालों ने जिलाधिकारी (डीएम) से शराब की दुकान को रिहायशी इलाके से हटाने की मांग की थी. उनका कहना है कि दुकान के आसपास सुबह से रात तक शराबियों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे महिलाओं और स्कूल जाने वाले बच्चों को भारी परेशानी होती है. आए दिन गाली-गलौज और असामाजिक गतिविधियां होती रहती हैं, जिससे लोग इस रास्ते से गुजरने से भी कतराते हैं. यहां तक कि बच्चों को पढ़ाने आने वाले शिक्षक भी गांव आने से बचते हैं.

ग्रामीणों ने जमीन मालिक से भी की अपील

ग्रामीणों का दावा है कि डीएम ने उनकी मांग को गंभीरता से लेते हुए दुकान को हटाने का आदेश दे दिया है, जिसके लिए उन्होंने प्रशासन का आभार भी जताया. हालांकि, आरोप है कि दुकान संचालक अब भी दुकान को उसी स्थान पर खोलने की कोशिश कर रहा है. ग्रामीणों का कहना है कि जिस जमीन पर यह दुकान संचालित हो रही है, उसके मालिक भी इसे स्थानांतरित नहीं करना चाहते और दुकान खुलवाने की कोशिश कर रहे थे. इस पर गांव वालों ने मौके पर पहुंचकर विरोध किया और जमीन मालिक से भी सम्मानपूर्वक अपील की कि दुकान को यहां से हटाया जाए.

ग्रामीणों ने दी चेतावनी

सैकड़ों की संख्या में एकत्रित ग्रामीणों ने दुकान के बाहर जमकर प्रदर्शन किया और साफ कहा कि वे किसी भी स्थिति में यहां शराब की दुकान नहीं खुलने देंगे. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि दुकान संचालक द्वारा विरोध करने वालों के साथ अभद्रता की जा रही है. ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि डीएम के आदेश का सख्ती से पालन कराया जाए. चेतावनी दी कि यदि दुकान खोली गई तो उनका विरोध और तेज होगा.

बताया जा रहा है कि दुकान खोलने का समय सुबह 10 बजे है, लेकिन ग्रामीणों के विरोध के चलते दुकान नहीं खुल सकी. फिलहाल गांव वाले अपनी मांगों पर अडिग हैं.

यह भी पढ़ें: KG की बच्ची भी सेफ नहीं! फतेहपुर में 7वीं का छात्र उसे ले गया स्कूल के टॉयलेट फिर मासूम ने मां को इशारों में सब बताया