बलिया में तेज रफ्तार कार पेड़ से टकराई, हादसे में चार दोस्तों की हो गई एक साथ दर्दनाक मौत

अनिल अकेला

• 02:38 PM • 15 Nov 2026

बलिया में छठ की खुशियों के बीच पसरा मातम.भीषण सड़क हादसे में चार युवकों की दर्दनाक मौत ने पूरे इलाके को झकझोर दिया. किसी की नई शादी हुई थी, तो कोई सरकारी नौकरी के सपने देख रहा था. आखिर कैसे हुआ ये हादसा?

Ballia News

Ballia News

Google CTA

उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से एक दर्दनाक खबर सामने आई है. नगरा-बेल्थरारोड मार्ग पर नेछुआडीह के पास शनिवार की रात हुए एक भीषण सड़क हादसे में कार सवार चार होनहार युवकों की दर्दनाक मौत हो गई. यह हादसा उस वक्त हुआ जब पूरा इलाका लोक आस्था के महापर्व छठ की तैयारियों में जुटा था. एक तरफ जहां घरों में पर्व का उल्लास था, वहीं इस घटना के बाद से गौवापार और जमुआव गाँव समेत पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

यह भी पढ़ें...

कैसे हुआ यह भीषण हादसा?

प्राप्त जानकारी के अनुसार, नगरा थाना क्षेत्र के गौवापार गांव के रहने वाले तीन युवक कुणाल पासवान, गोलू ठाकुर, धनंजय पटेल और जमुआव गांव के रहने वाले अभिषेक पटेल किसी कार्य से शनिवार शाम नगरा आए थे. रात करीब नौ बजे वे एक ही कार से अपने घर वापस लौट रहे थे.

जब उनकी तेज रफ्तार कार नगरा-बेल्थरारोड मार्ग पर नेछुआडीह के पास दैत्यराज बाबा के सामने पहुंची तो अचानक वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक ताड़ के पेड़ से जा टकराई. टक्कर इतनी भयानक थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार चारों युवक गंभीर रूप से घायल होकर अंदर ही फंस गए.

अस्पताल ले जाने के दौरान हुई मौत

घटना के बाद मौके पर पहुंचे आसपास के लोगों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के दौरान ही अभिषेक और कुणाल को मृत घोषित कर दिया.वहीं गंभीर रूप से घायल धनंजय और गोलू ठाकुर की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें तुरंत मऊ के एक निजी अस्पताल के लिए रेफर किया गया. परिजनों द्वारा बेहतर इलाज की उम्मीद में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया. लेकिन उपचार के दौरान दोनों ने भी दम तोड़ दिया.

चारों युवकों की एक साथ हुई इस मौत से चारों तरफ चीख-पुकार मच गई है. सभी मृतकों की उम्र 18 से 25 वर्ष के बीच बताई जा रही है जिससे परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. इस हादसे में जान गंवाने वाले युवकों के भविष्य को लेकर कई सपने थे. अभिषेक पटेल आईआईएम उत्तराखंड में असिस्टेंट मैनेजर के पद पर तैनात थे और 6 महीने पहले ही उनकी शादी हुई थी. वहीं कुणाल आईटीआई की पढ़ाई पूरी कर नौकरी की तैयारी कर रहा था. धनंजय प्राइवेट शिक्षक की नौकरी करते हुए सरकारी शिक्षक भर्ती की जुगत में थे. गोलू ठाकुर पुलिस की नौकरी पाने के लिए लगातार प्रयास कर रहे थे.

पुलिस प्रशासन का क्या कहना है?

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर सक्रिय हो गए. CO रसड़ा रजनीश कुमार ने इस पूरे हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि 14 नवंबर 2026 की रात्रि लगभग 21:30 बजे थाना नगरा क्षेत्र के नेछुआडीह के पास यह दुर्घटना हुई. पुलिस के अनुसार कार में कुल 4 लोग सवार थे. चारों युवकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए मऊ मोर्चरी भेज दिया गया है. पुलिस प्रशासन द्वारा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है. 

ये भी पढ़ें: पत्नी के सामने पति ने पड़ोसी को चाकू से गोदकर मारा, फिर तालाब में फेंकी बॉडी, दिवाली के झगड़े का 7 दिन बाद लिया बदला!