Ballia News: बलिया में निजी अस्पतालों पर बवाल: लापरवाही से मौतों पर छात्रों का प्रदर्शन, प्रशासन का पुतला फूंका

Ballia Student Protest: बलिया में निजी अस्पतालों में कथित लापरवाही और मौतों के विरोध में छात्रों ने जोरदार प्रदर्शन किया. सतीश चंद्र कॉलेज के सामने सड़क जाम कर प्रशासन का पुतला फूंका और दोषी डॉक्टरों की गिरफ्तारी की मांग की.

Newzo

• 12:38 PM • 02 Apr 2026

follow google news

Ballia Student Protest: उत्तर प्रदेश के जनपद बलिया में निजी अस्पतालों में इलाज के दौरान हो रही कथित लापरवाही और मौतों को लेकर छात्र राजनीति गरमा गई है. गुरुवार को सतीश चंद्र कॉलेज के मुख्य द्वार के सामने सड़क पर छात्रों ने जिला प्रशासन के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया और प्रतीकात्मक पुतला फूंका.

यह भी पढ़ें...

छात्र नेता और जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय के छात्र अविनाश सिंह नंदन ने मीडिया से बातचीत में बताया कि अपूर्वा नर्सिंग होम में हुई हालिया घटना को 10 दिन से अधिक का समय बीत चुका है लेकिन अभी तक किसी भी दोषी डॉक्टर की गिरफ्तारी नहीं हुई है. आरोप लगाया कि अपूर्वा नर्सिंग होम की डॉक्टर ज्योत्सना सिंह उनके परिवार या डॉ रोहन गुप्ता जैसे किसी भी डॉक्टर पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है. प्रशासन ने अस्पताल सील के नाम पर सिर्फ औपचारिकता पूरी किया है. हमारी मांग है कि दोषियों को तुरंत गिरफ्तार कर जेल भेजा जाए.

एक महीने 6 महिलाओं और दो नवजात बच्चों की जान जा चुकी

अविनाश सिंह नंदन ने निजी अस्पतालों की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि एक रिपोर्ट के अनुसार पिछले 1 महीने के भीतर बलिया के विभिन्न नर्सिंग होम में 6 महिलाओं और दो नवजात बच्चों की जान जा चुकी है. उन्होंने इन बातों को स्वाभाविक मृत्यु के बजाय हत्या करार दिया और बलिया के कुछ निजी अस्पतालों की तुलना स्लॉटर हाउस यानी बूचड़खाना से की है.

व्यापार मंडल और अधिवक्ता संघ ने भी किया छात्रों की मांगों का समर्थन

आक्रोशित छात्रों का कहना है कि अब यह विरोध केवल छात्र आंदोलन तक सीमित नहीं है बल्कि इसे एक जन आंदोलन का रूप दिया जा रहा है. बताया व्यापार मंडल और अधिवक्ता संघ ने भी छात्रों की मांगों का समर्थन किया है. जिले के आम नागरिक भी अब इस लचर स्वास्थ्य व्यवस्था के खिलाफ सड़कों पर उतरने को तैयार है. छात्रों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही दोषियों की गिरफ्तारी नहीं हुई और इन निजी अस्पतालों पर नकेल नहीं कसी गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा.

यह भी पढ़ें: कौन था 50000 का इनामी आशू उर्फ मोंटी चड्ढा जो एनकाउंटर में मारा गया, उसके बदमाश बनने की असली कहानी आई सामने