Gonda News: तैनात अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) मनोज कुमार रावत के जनपद सम्भल स्थानांतरण के अवसर पर रविवार को रिजर्व पुलिस लाइन स्थित सभागार में भव्य एवं गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया. कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक गोण्डा विनीत जायसवाल के निर्देशन में सम्पन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे.
ADVERTISEMENT
समारोह के दौरान पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने रावत को प्रतीक चिन्ह भेंट कर एवं पुष्पमाला पहनाकर सम्मानित किया.अन्य अधिकारियों ने भी पुष्पगुच्छ अर्पित कर उनके उत्कृष्ट सेवाकाल की सराहना की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
अपने संबोधन में पुलिस अधीक्षक ने कहा कि मनोज कुमार रावत एक कर्मठ, अनुशासित और कुशल प्रशासनिक अधिकारी रहे हैं.उन्होंने अपने कार्यकाल में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने, अपराध नियंत्रण और आमजन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. उनके कार्यशैली को प्रेरणास्रोत बताते हुए उन्होंने कहा कि विभाग को उनके अनुभव का लाभ आगे भी मिलता रहेगा.
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी रावत के सरल एवं मिलनसार व्यक्तित्व की प्रशंसा करते हुए उनके नेतृत्व में टीम भावना, पारदर्शिता और उत्तरदायित्व की संस्कृति को मजबूत करने के योगदान को सराहा.
विदाई अवसर पर भावुक हुए मनोज कुमार रावत ने गोण्डा में बिताए गए समय को अपने सेवा जीवन का यादगार अध्याय बताते हुए सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि यहां का अनुभव उनके आगामी दायित्वों के निर्वहन में सहायक सिद्ध होगा.
अपने कार्यकाल के दौरान रावत के नेतृत्व में कजरी तीज, होली, दीपावली, ईद, मोहर्रम, विजयदशमी और लोकसभा चुनाव जैसे महत्वपूर्ण अवसरों को शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराया गया, जिसकी व्यापक सराहना हुई.
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) राधेश्याम राय, क्षेत्राधिकारीगण, थाना प्रभारीगण सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन भावनात्मक माहौल में हुआ, जहां सभी ने रावत को विदाई देते हुए उनके सुखद एवं सफल भविष्य की कामना की.
ADVERTISEMENT









