Gonda News: गोण्डा जिले की करनैलगंज तहसील में शुक्रवार को उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब अधिवक्ताओं ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया. वकीलों ने एसडीएम के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रशासन पर मनमानी का आरोप लगाया और उनके स्थानांतरण की मांग कर डाली.
ADVERTISEMENT
प्रदर्शन कर रहे अधिवक्ताओं का आरोप है कि एसडीएम उनकी समस्याओं को लगातार नजरअंदाज कर रहे हैं. उनका कहना है कि तहसील में लंबे समय से लंबित और विवादित मामलों के निस्तारण की बजाय नई फाइलों को प्राथमिकता दी जा रही है. साथ ही, गांव और खेतों में मौके पर जाकर फैसले लेने की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए गए, जिसे वकीलों ने न्यायिक प्रक्रिया के लिए अनुचित बताया.
तहसील परिसर में एकजुट होकर अधिवक्ताओं ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. प्रदर्शन के दौरान “एसडीएम होश में आओ” और “न्याय व्यवस्था बहाल करो” जैसे नारे गूंजते रहे. अधिवक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया, तो आंदोलन और उग्र किया जाएगा. वहीं, इस पूरे घटनाक्रम पर अभी तक तहसील प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, जिससे स्थिति और अधिक संवेदनशील बनी हुई है.
यह भी पढ़ें: शुक्र और शनि बना रहे हैं शक्तिशाली दशांक योग, इन 3 राशियों के लिए अगले 48 घंटे होंगे अहम
ADVERTISEMENT









