Gonda News: गोण्डा थाना कोतवाली नगर पुलिस ने तंत्र-मंत्र और पूजा-पाठ के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1 लाख 99 हजार 500 रुपये नकद, भारी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण, फर्जी निर्वाचन पहचान पत्र, मोबाइल फोन, मोबाइल पार्ट्स और फर्जी नंबर प्लेट लगी हुंडई आई-10 कार बरामद की है.
ADVERTISEMENT
पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी अजीत कुमार रजक और क्षेत्राधिकारी नगर आनन्द कुमार राय के नेतृत्व में कोतवाली नगर पुलिस और एसओजी टीम ने लखनऊ-गोण्डा रोड स्थित एचसीपीएम कॉलेज के पास से गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया.
सोने-चांदी के जेवरात व नकदी कलश में रखकर ठगी
गिरफ्तार आरोपियों में नमशेर, हसरत अली, इमरान, इन्साद और तोहिद शामिल हैं। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे विभिन्न जनपदों में पर्चे बांटकर तंत्र-मंत्र और विशेष पूजा से समस्याओं के समाधान का दावा करते थे। मोबाइल नंबर पर संपर्क करने वाले लोगों को अपने जाल में फंसाकर उनके घरों में पूजा-पाठ कराते और सोने-चांदी के जेवरात व नकदी कलश में रखवाते थे.
21 दिन तक कलश न खोलने की हिदायत देकर फरार
पूजा के दौरान गिरोह का एक सदस्य छिपाकर रखा सांप निकालकर लोगों को डराता था, जिससे परिवार के सदस्य कमरे से बाहर चले जाते थे. इसी दौरान आरोपी कलश में रखे जेवरात और नकदी निकाल लेते थे और लोगों को 21 दिन तक कलश न खोलने की हिदायत देकर फरार हो जाते थे.
आरोपियों पर धोखाधड़ी के कई मुकदमे दर्ज
मामले का खुलासा तब हुआ जब ददुवा बाजार निवासी कारोबारी संजय कुमार रस्तोगी ने कोतवाली नगर में शिकायत दर्ज कराई. पीड़ित ने बताया कि आरोपियों ने विशेष अनुष्ठान के नाम पर उसके घर और दुकान से करीब 750 ग्राम सोने के जेवरात और 750 ग्राम चांदी ठग ली. पुलिस के अनुसार गिरोह ने गोण्डा और बहराइच समेत कई जिलों में लोगों को अपना शिकार बनाया है. आरोपियों के खिलाफ विभिन्न थानों में धोखाधड़ी के कई मुकदमे दर्ज हैं. गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय भेज दिया गया है और आगे की जांच जारी है.
ADVERTISEMENT









