Ghazipur Crime News: गाजीपुर जिले के थाना क्षेत्र के दिलदारनगर गांव स्थित काली माता मंदिर के समीप शनिवार को एक अज्ञात किन्नर का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई. घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर एकत्र हो गई. सूचना पर पहुंची दिलदारनगर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है.
ADVERTISEMENT
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है. प्रथम दृष्टया शव पर किसी प्रकार के चोट या संघर्ष के निशान नहीं पाए गए हैं. मृतक किन्नर की उम्र लगभग 40 वर्ष आंकी जा रही है. उसका कद करीब 5 फीट 5 इंच, रंग सांवला तथा चेहरा गोल बताया गया है. पहनावे में पीले रंग का सलवार-सूट था, जबकि गले में लाल रंग का धागा बंधा हुआ मिला है.
थानाध्यक्ष योगेंद्र सिंह ने बताया कि शव की शिनाख्त कराने के लिए आसपास के गांवों और स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है, लेकिन अभी तक कोई ठोस जानकारी नहीं मिल सकी है. पहचान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शव को जिला अस्पताल गाजीपुर के मोर्चरी हाउस में सुरक्षित रखवाया गया है.
पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है. शव की पहचान होने के बाद ही मौत के कारणों के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
ADVERTISEMENT










