Ghazipur News: थाना क्षेत्र के बाठा गांव के समीप शनिवार सुबह एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया. घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और देखते ही देखते वहां लोगों की भीड़ जुट गई. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है.
ADVERTISEMENT
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान राजेश गुप्ता उर्फ रुखी (40 वर्ष) पुत्र अशोक गुप्ता, निवासी कोटवा बाजार के रूप में हुई है. परिजनों ने बताया कि राजेश शुक्रवार दोपहर घर से निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे. परिवार के लोगों ने अपने स्तर पर उनकी तलाश की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका.
शनिवार सुबह ग्रामीणों को बाठा गांव के पास एक युवक का शव दिखाई दिया. इसकी सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी. खबर मिलने के बाद परिजन मौके पर पहुंचे, जहां शव की पहचान राजेश गुप्ता के रूप में की गई. पहचान होते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया.
सूचना पर भांवरकोल पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक जांच-पड़ताल शुरू की. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है.
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाओं का दौर जारी है.
ADVERTISEMENT










