Fatehpur News: मोहर्रम पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने शनिवार को सुबह पुलिस लाइन स्थित सम्मेलन कक्ष में जनपद के सभी क्षेत्राधिकारियों एवं थाना प्रभारियों के साथ गोष्ठी आयोजित कर सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की.
ADVERTISEMENT
बैठक में एसपी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मोहर्रम जुलूसों, ताजिया मार्गों तथा संवेदनशील स्थलों का पूर्व निरीक्षण कर सभी आवश्यक सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं. उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता होगी.
एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में पीस कमेटी की बैठकें आयोजित कर स्थानीय संभ्रांत नागरिकों, धर्मगुरुओं एवं ताजियादारों से संवाद स्थापित करने के निर्देश दिए. उन्होंने आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द को बनाए रखने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि त्योहार शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराना सभी की साझा जिम्मेदारी है.
गोष्ठी के दौरान पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि मोहर्रम के दौरान पुलिस बल पूरी सतर्कता, संवेदनशीलता और अनुशासन के साथ ड्यूटी का निर्वहन करे तथा किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहे,
बैठक में जनपद के क्षेत्राधिकारी एवं थाना प्रभारी उपस्थित रहे.
ADVERTISEMENT










