Fatehpur Crime News: फतेहपुर में ट्रैक्टर चालक की संदिग्ध मौत, पिता ने जेसीबी मालिक पर लगाया हत्या का आरोप

Fatehpur Tractor Driver Death Case: फतेहपुर में ट्रैक्टर चालक अतुल तिवारी की संदिग्ध मौत ने नया मोड़ ले लिया है. पिता ने इसे दुर्घटना नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या बताया है. जेसीबी मालिक पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं. पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई होगी.

 Fatehpur Crime News

Fatehpur Crime News

Newzo

17 Jun 2026 (अपडेटेड: 17 Jun 2026, 03:11 PM)

follow google news

Tractor Driver Death Case: जनपद के असोथर थाना क्षेत्र में एक ट्रैक्टर चालक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले ने नया मोड़ ले लिया है. मृतक के पिता ने बेटे की दुर्घटना में नहीं बल्कि सुनियोजित तरीके से हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस से निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.

यह भी पढ़ें...

थाना असोथर क्षेत्र के ग्राम बर्राबाघहा सरकंडी निवासी अवधेश तिवारी ने पुलिस को दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनका पुत्र अतुल तिवारी ट्रैक्टर चलाने का कार्य करता था. उनका ट्रैक्टर ग्राम तेलीकुआं सरकंडी निवासी धनंजय सिंह पुत्र दलजीत सिंह उर्फ बाबा सिंह की जेसीबी के साथ मिट्टी ढुलाई के कार्य में लगा हुआ था.

अवधेश तिवारी के अनुसार, 17 जून की सुबह पड़ोसी बाबूलाल तिवारी के फोन से उन्हें जानकारी मिली कि उनके पुत्र का लखनऊ बाईपास फतेहपुर के पास एक्सीडेंट हो गया है और वह घायल अवस्था में पड़ा है. सूचना मिलते ही जब वह मौके पर पहुंचे तो वहां उनके पुत्र अतुल तिवारी का शव पड़ा मिला.

मृतक के पिता ने आरोप लगाया कि धनंजय सिंह की जेसीबी पर उनके पुत्र का ट्रैक्टर नियमित रूप से कार्य करता था. कुछ दिनों पहले दोनों पक्षों के बीच लेन-देन को लेकर विवाद हुआ था और 16 जून को भी पैसों के संबंध में कहासुनी हुई थी. उन्होंने आशंका जताई कि इसी विवाद के चलते उनके पुत्र को जेसीबी से कुचलकर मौत के घाट उतारा गया है.

परिजनों ने घटना की निष्पक्ष जांच कराकर सच्चाई सामने लाने तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है. वहीं पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है. पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी.