आज इसे खत्म कर दो... BF का फरमान सुनते ही आधी रात को निहारिका कश्यप ने पति पर चला दिया चाकू,11 दिन बाद मौत

Kanpur Crime News: कानपुर में पत्नी द्वारा पति पर चाकू से हमले का मामला हत्या में बदल गया. 11 दिन इलाज के बाद कारोबारी मनीष गुप्ता की मौत हो गई. पुलिस ने पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है और कथित प्रेमी की भूमिका की भी जांच कर रही है.

Kanpur Crime News

Kanpur Crime News

सिमर चावला

• 02:32 PM • 17 Jun 2026

follow google news

Kanpur Crime News: उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है. यहां एक पत्नी निहारिका कश्यप आधी रात छिपकर अपने कथित बॉयफ्रेंड से फोन पर बात कर रही थी. ऐसे में जब पति मनीष गुप्ता ने इसका विरोध किया तो गुस्साई पत्नी के पति पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. पेट में गंभीर घाव होने के कारण पीड़ित कारोबारी अस्पताल में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहा था. लेकिन 11 दिनों के इलाज के बाद आखिरकार मंगलवार सुबह उसने दम तोड़ दिया. मृतक के परिवार का आरोप है कि वारदात के वक्त महिला का प्रेमी फोन लाइन पर था और उसी के उकसाने पर इस खूनी खेल को अंजाम दिया गया. 

यह भी पढ़ें...

क्या है पूरा मामला

यह पूरा मामला फीलखाना थाना क्षेत्र के बालाजी धाम की है. यहां रहने वाले कारोबारी रामकिशोर गुप्ता के 45 साल के बेटे मनीष गुप्ता किराना बाजार में ब्रोकर थे. इसी दौरान उनकी मुलाकात बिरहाना रोड स्थित एक स्कूल की शिक्षिका निहारिका कश्यप से हुई थी. दोनों के बीच प्यार हुआ और परिवार की रजामंदी से 30 जून 2017 को दोनों ने शादी कर ली. दोनों का एक छह साल का बेटा भी है. शादी के बाद मनीष ने ब्रोकिंग छोड़ दी थी और रामगंज में ऑफिस खोलकर कपूर सप्लाई का बिजनेस करने लगा था.

मृतक के पिता का आरोप है कि करीब तीन साल पहले निहारिका की सोशल मीडिया के जरिए जम्मू के एक युवक से दोस्ती हुई थी. देखते ही देखते दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और घंटों फोन पर बातें होने लगीं. जब मनीष को पत्नी के इस कथित अफेयर का पता चला तो घर में रोज-रोज विवाद होने लगा.

रसोई के चाकू से पेट पर किए कई वार

पुलिस तफ्तीश में सामने आया कि बीती 5 जून की दोपहर निहारिका अपने मोबाइल पर कथित प्रेमी से बात कर रही थी. मनीष ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया और फोन काटने को कहा. इसी बात पर दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई. देखते ही देखते गुस्सा इस कदर बढ़ा कि निहारिका ने रसोई में रखा चाकू उठाया और मनीष के पेट पर एक के बाद एक कई वार कर दिए.

मनीष की चीख सुनकर जब परिजन कमरे में पहुंचे तो वह खून से लथपथ तड़प रहा था. उसे तुरंत हैलट अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां 11 दिन तक वेंटिलेटर पर रहने के बाद मंगलवार को उसकी मौत हो गई.

फोन पर प्रेमी ने कही थी ये बात 

मृतक के पिता रामकिशोर ने पुलिस को दिए बयान में एक चौंकाने वाला दावा किया है. उन्होंने बताया कि अस्पताल में जब मनीष को होश आया तो उसने बताया था कि हमले के वक्त निहारिका का प्रेमी फोन पर था. निहारिका ने उसे फोन पर ही बताया कि उसने मनीष को चाकू मार दिया है जिस पर दूसरी तरफ से प्रेमी ने कथित तौर पर उकसाते हुए कहा कि 'इसे आज हमेशा के लिए खत्म ही कर दो.'

पहले से चल रहा था विवाद

ससुराल पक्ष के मुताबिक, दोनों के रिश्तों में पिछले डेढ़ साल से दरार आ चुकी थी. करीब 18 महीने पहले निहारिका ने महिला थाने जाकर पति और ससुराल वालों पर दहेज उत्पीड़न का केस भी दर्ज कराया था. हालांकि तब पुलिस की काउंसलिंग के बाद दोनों के बीच समझौता हो गया था और वे साथ रहने लगे थे.

फीलखाना थाना पुलिस के मुताबिक, मनीष के पिता की तहरीर पर पहले 14 जून को जानलेवा हमले का केस दर्ज किया गया था. लेकिन मंगलवार को मनीष की मौत के बाद इस मामले में हत्या की धाराएं जोड़ दी गई हैं. पुलिस ने मुख्य आरोपी पत्नी निहारिका कश्यप को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया है. पुलिस अब महिला और उसके कथित प्रेमी के कॉल रिकॉर्ड्स और सोशल मीडिया चैट्स की डिटेल जांच कर रही है ताकि उकसाने वाले आरोपी को भी पकड़ा जा सके.