Ballia News: सफाई कर्मियों की हाजिरी में बड़ा खेल, सबूत मांगने पर सभासद को मिली मौत की धमकी, डीएम से लगाई सुरक्षा की गुहार

Ballia Nagar Palika Controversy: बलिया नगर पालिका में सफाई कर्मियों की उपस्थिति और भुगतान को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है. नामित सभासद रवि सोनी ने फर्जी हाजिरी और भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है. जांच के दौरान सबूत मांगने पर उन्हें कथित तौर पर जान से मारने की धमकी मिली, जिसके बाद उन्होंने डीएम से सुरक्षा मांगी है.

Ballia Nagar Palika Controversy

Ballia Nagar Palika Controversy

Newzo

17 Jun 2026 (अपडेटेड: 17 Jun 2026, 02:55 PM)

follow google news

Ballia News: नगर पालिका परिषद में सफाई कर्मियों की उपस्थिति और भुगतान को लेकर गंभीर आरोप सामने आए हैं. भाजपा के नगर मंत्री और नामित सभासद रवि सोनी ने इस संबंध में जिलाधिकारी को पत्र देकर जांच और कार्रवाई की मांग की है.

यह भी पढ़ें...

फर्जी हाजिरी और भुगतान का आरोप

रवि सोनी का आरोप है कि वह नगर के 25 वार्डों में सफाई व्यवस्था की जांच कर रहे थे. इसी दौरान वार्ड नंबर 16 में सफाई कर्मियों की जानकारी लेने पर उन्हें विरोध का सामना करना पड़ा.

उन्होंने दावा किया कि वार्ड में 16 सफाई कर्मियों की तैनाती होनी चाहिए थी, लेकिन मौके पर केवल 6 कर्मचारी ही मिले. उनका आरोप है कि नगर में तैनात लगभग 450 सफाई कर्मियों में से केवल 200 से 250 ही कार्य करते दिखाई देते हैं, जबकि शेष के नाम पर भुगतान निकाला जा रहा है.

सभासद पर धमकी देने का आरोप

रवि सोनी ने आरोप लगाया कि वार्ड के सभासद संजय यादव ने उनके साथ अभद्रता की और दोबारा वार्ड में आने पर हाथ-पैर तोड़ने तथा जान से मारने की धमकी दी. उन्होंने इस संबंध में अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है.

डीएम से जांच और सुरक्षा की मांग

नामित सभासद ने जिलाधिकारी को दिए पत्र में सफाई कर्मियों और टोली नायकों की सूची सार्वजनिक करने, पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है. साथ ही उन्होंने जान-माल की सुरक्षा उपलब्ध कराने की भी गुहार लगाई है