उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री और सुभासपा (SBSP) प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी को लेकर एक बहुत बड़ा और चौंकाने वाला दावा किया है. राजभर का कहना है कि समाजवादी पार्टी के सांसद बहुत जल्द पार्टी तोड़ने जा रहे हैं और इसके लिए दिल्ली के स्तर पर तैयारी पूरी हो चुकी है.
ADVERTISEMENT
'सपा सांसदों में होने जा रही है बड़ी टूट'
ओम प्रकाश राजभर ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए दावा किया कि समाजवादी पार्टी के अंदर बहुत बड़ी बगावत होने वाली है. उन्होंने कहा, "जिस तरह बंगाल में टीएमसी के अंदर टूट हुई और उनके 20 सांसद अलग हो गए और उधर महाराष्ट्र में उद्धव ठाकरे भी चिल्ला रहे हैं, बिल्कुल वैसी ही टूट अब समाजवादी पार्टी में होने जा रही है." राजभर ने दावा करते हुए कहा कि सपा सांसद अब पार्टी छोड़ने वाले हैं.
'अखिलेश और परिवार को बचाने के लिए गृहमंत्री को लिखी चिट्ठी'
राजभर ने सपा के वरिष्ठ नेता रामगोपाल यादव का नाम लेते हुए एक गंभीर दावा किया, "रामगोपाल यादव ने देश के गृहमंत्री अमित शाह को एक चिट्ठी सौंपी है."
राजभर के अनुसार, इस चिट्ठी में लिखा है कि घोटालों और सीबीआई की जांच से अखिलेश यादव और उनके परिवार को बचाना है और इसके बदले में हम (सपा) अपने सांसदों को आपके (भाजपा) साथ भेजने के लिए तैयार हैं.
'महिला बिल पास कराने के लिए जितनी जरूरत है, उससे ज्यादा सांसद टूटेंगे'
राजभर ने कहा कि सरकार को महिला बिल पास कराना है और इसके लिए जितने सांसदों की आवश्यकता है, सपा से उससे कहीं ज्यादा सांसद टूटने के लिए तैयार बैठे हैं. उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि सारा काम दिल्ली से हो रहा है और हाईकमान इस काम में लगा हुआ है.
सपा सांसद सनातन पांडे पर भी साधा निशाना
अपने बयान में राजभर ने बलिया से सपा सांसद सनातन पांडे का नाम लेते हुए उन पर भी तंज कसा. राजभर ने कहा, "सनातन पांडे आजकल मेरे खिलाफ बयानबाजी कर रहे हैं, लेकिन हकीकत ये है कि वह खुद भी भाजपा के संपर्क में हैं और पार्टी बदलने वालों की लिस्ट में उनका नाम भी शामिल है."
ओम प्रकाश राजभर के दावों ने उत्तर प्रदेश की सियासत में हलचल तेज कर दी है. राजभर का साफ कहना है कि सपा का कुनबा बिखरने की कगार पर है और उनके सांसद पाला बदलने की लाइन में खड़े हैं.
ADVERTISEMENT










