बलिया में एक साथ झूमे पवन सिंह और रवि किशन, भोजपुरी के इन स्टार्स को देखने को लिए भिड़े लोग

Pawan Singh and Ravi Kisan in Ballia: बलिया में भोजपुरी स्टार पवन सिंह और रवि किशन के कार्यक्रम में जमकर हंगामा हुआ. बेकाबू भीड़ ने 200 से ज्यादा कुर्सियां तोड़ दीं, जिसके बाद पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा. दोनों सितारों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है.

UP Tak

Pawan Singh and Ravi Kisan

यूपी तक

• 01:33 PM • 17 Jun 2026

follow google news

Pawan Singh and Ravi Kisan in Ballia: उत्तर प्रदेश के बलिया में मंगलवार रात भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह और रवि किशन के एक कार्यक्रम में जमकर हंगामा हुआ. एक तरफ जहां सोशल मीडिया पर दोनों दिग्गजों के एक साथ झूमने और ठुमके लगाने का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. वहीं दूसरी तरफ कार्यक्रम के दौरान भीड़ इस कदर बेकाबू हुई कि वहां मौजूद 200 से ज्यादा कुर्सियां तोड़ दी गईं. स्थिति को संभालने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज तक करना पड़ा.

यह भी पढ़ें...

गानों और ठुमकों के बीच तीन बार बेकाबू हुई भीड़

यह पूरा मामला बलिया के नगरा इलाके का है जहां मंगलवार रात भोजपुरी इंडस्ट्री के दो बड़े चेहरे पवन सिंह और रवि किशन एक मंच पर नजर आए. दोनों को एक साथ देखकर फैंस का उत्साह सातवें आसमान पर पहुंच गया. लेकिन यह उत्साह जल्द ही हंगामे में बदल गया. मंच पर चल रहे गानों और ठुमकों के बीच दर्शक दीर्घा में मौजूद भीड़ तीन बार बेकाबू हुई. देखते ही देखते दर्शकों के बीच विवाद बढ़ गया और कार्यक्रम स्थल पर जमकर कुर्सियां चलने लगीं.

पुलिस का लाठीचार्ज

हंगामे को शांत कराने और उपद्रवियों को खदेड़ने के लिए पुलिस को मोर्चा संभालना पड़ा. पुलिस ने हंगामा कर रहे दर्शकों को दौड़ा-दौड़ाकर लाठियों से पीटा. इस लाठीचार्ज और भगदड़ में कई दर्शकों को चोटें आई हैं. जबकि एक युवक का सिर भी फूट गया. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हंगामे के दौरान कार्यक्रम स्थल पर रखी 200 से ज्यादा कुर्सियां टूटकर चकनाचूर हो गईं. इस बवाल के बावजूद, पवन सिंह और रवि किशन का मंच पर एक साथ झूमने का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब सुर्खियां बटोर रहा है.

राम मंदिर विवाद पर बोले रवि किशन

इस कार्यक्रम के इतर मीडिया से बात करते हुए गोरखपुर के सांसद रवि किशन ने राम मंदिर चंदा घोटाले के आरोपों को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) और अन्य विरोधियों पर तीखा हमला बोला. रवि किशन ने कहा कि 'जिसने भी पाप किया है, उसे योगी आदित्यनाथ यानी हमारे महाराज जी कड़ी से कड़ी सजा देंगे. विरोधियों को इसकी चिंता करने की बिल्कुल जरूरत नहीं है. सपा वाले तो हमेशा से राम विरोधी रहे हैं. इसलिए वे अब राम मंदिर के शुभचिंतक बनने का ढोंग न करें.