पवन सिंह या खेसारी लाल यादव भोजपुरी के इन दो सुपरस्टार्स में कौन से ज्यादा अमीर?

Pawan Singh and Khesari Yadav Net Worth: भोजपुरी इंडस्ट्री के दो बड़े सितारे पवन सिंह और खेसारी लाल यादव अक्सर चर्चा में रहते हैं. लेकिन संपत्ति के मामले में कौन आगे है? चुनावी हलफनामों के मुताबिक खेसारी लाल यादव की कुल संपत्ति 24.81 करोड़ रुपये है, जबकि पवन सिंह 19.44 करोड़ रुपये की संपत्ति के मालिक हैं. जानिए दोनों की नेटवर्थ और लग्जरी लाइफस्टाइल.

UP Tak

Pawan Singh and Khesari Lal

यूपी तक

• 05:35 PM • 11 Jun 2026

follow google news

Pawan Singh and Khesari Yadav Net Worth: भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के दो बड़े स्टार एक तरफ पावर स्टार पवन सिंह और दूसरी तरफ ट्रेंडिंग स्टार खेसारी लाल यादव. इन दोनों के बीच की केमिस्ट्री भी बड़ी अजीब है. कभी मंच पर गले मिलकर भाईचारा दिखाते हैं तो कभी बयानों के तीर चलाकर एक-दूसरे को नीचा दिखाने का कोई मौका नहीं छोड़ते. लोकसभा चुनाव के दौरान जहां दोनों में दोस्ती-यारी की बहार थी. वहीं अब विधानसभा और एमएलसी चुनाव आते-आते दोनों के बीच की सियासी और फिल्मी दुश्मनी एक बार फिर खुलकर सामने आ गई है. सोशल मीडिया पर इनके फैंस हमेशा इस बात पर लड़ते हैं कि कौन बड़ा सुपरस्टार है. लेकिन आज हम फिल्मों या गानों की नहीं बल्कि पैसों की बात करेंगे. चुनावी हलफनामे के जरिए सामने आई दोनों स्टार्स की कुल संपत्ति के वो आंकड़े हम आपको बताएंगे जिससे साफ हो जाएगा कि आखिर भोजपुरी का असली सुल्तान कौन है.

यह भी पढ़ें...

पवन सिंह के पास है कितनी संपत्ति

बीजेपी के टिकट पर एमएलसी चुनाव के मैदान में उतरे पवन सिंह ने राजनीति में कदम रखते ही अपनी संपत्ति का जो ब्योरा दिया है वह उनके नाम की तरह ही पावरफुल है. चुनावी हलफनामे के मुताबिक, पवन सिंह की कुल संपत्ति करीब 19.44 करोड़ रुपये है. पिछले लोकसभा चुनाव के मुकाबले उनकी नेटवर्थ में 2.7 करोड़ रुपये का इजाफा हुआ है. उनके पास 6.44 करोड़ रुपये की चल संपत्ति (कैश, बैंक बैलेंस और निवेश) है. जबकि आरा से लेकर मुंबई तक फैले जमीन और फ्लैट्स को मिलाकर करीब 13 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति है.

पवन सिंह के बैंक खातों में 1.64 करोड़ रुपये जमा हैं जबकि उनके पास कैश के रूप में सिर्फ ₹500 मौजूद हैं. इसके अलावा 26.26 लाख रुपये का बीमा निवेश है.  पवन सिंह को लक्जरी कारों का जबरदस्त शौक है. उनके काफिले में Land Cruiser, Mahindra Thar, Fortuner और Scorpio जैसी गाड़ियां शामिल हैं. इसके अलावा उनके पास करीब 70 लाख रुपये का सोना और ₹28,000 की चांदी है. भले ही पवन सिंह करोड़ों के मालिक हैं लेकिन उन पर बैंकों का 2.34 करोड़ रुपये का कर्ज भी है.

नेटवर्थ में आगे निकले खेसारी लाल यादव

बीते बिहार विधानसभा चुनाव में छपरा सीट से आरजेडी (RJD) के टिकट पर किस्मत आजमा चुके खेसारी लाल यादव की संपत्ति का ग्राफ पवन सिंह से भी ऊपर नजर आता है. चुनावी हलफनामे के मुताबिक, खेसारी लाल यादव की कुल नेटवर्थ 24.81 करोड़ रुपये है जो पवन सिंह से करीब 5 करोड़ रुपये ज्यादा है. खेसारी के पास 16.89 करोड़ रुपये की चल संपत्ति और 7.91 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति है. दिलचस्प बात यह है कि उनकी पत्नी चंदा यादव के नाम पर भी 6.49 करोड़ की अचल और 90 लाख की चल संपत्ति दर्ज है. खेसारी लाल यादव भोजपुरी की एक फिल्म के लिए 50 से 60 लाख रुपये चार्ज करते हैं. वहीं देश-विदेश में एक स्टेज शो करने के लिए वे 10 से 15 लाख रुपये की मोटी फीस लेते हैं.

आलीशान फ्लैट्स और कारें

मुंबई और पटना जैसे बड़े शहरों में खेसारी के पास खुद के करोड़ों के फ्लैट्स हैं. जबकि छपरा में उनका पुश्तैनी घर है. गाड़ियों की बात करें तो उनके पास Land Rover Defender, SUV और Toyota जैसी महंगी कारें मौजूद हैं.

चुनावी हलफनामों के सरकारी आंकड़ों को मानें तो दौलत के मामले में ट्रेंडिंग स्टार खेसारी लाल यादव (24.81 करोड़) ने  पवन सिंह (19.44 करोड़) को पछाड़ दिया है. खेसारी के पास पवन सिंह से ज्यादा नेटवर्थ है और उन पर पवन सिंह की तरह करोड़ों का कर्ज भी नहीं है. हालांकि पवन सिंह इन दिनों बीजेपी के उम्मीदवार के तौर पर एमएलसी चुनाव में उतरकर अपनी सियासी जमीन मजबूत करने में जुटे हैं जिससे उनकी लोकप्रियता और रूतबा लगातार चर्चा में बना हुआ है.

(इस खबर को यूपी Tak के साथ इंटर्नशिप कर रही मान्या पाण्डेय ने लिखा है.)