उत्तर प्रदेश, ठेकेदारी के विवाद में युवक को मिली जान से मारने की धमकी, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

Bareilly Dispute News: बरेली के शीशगढ़ में ठेकेदारी विवाद के बाद एक युवक ने दो लोगों पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है.पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. कॉल रिकॉर्डिंग समेत उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

 Bareilly News

Bareilly News

Newzo

• 05:31 PM • 11 Jun 2026

follow google news

Bareilly Dispute News: शीशगढ़ थाना क्षेत्र में ठेकेदारी के विवाद को लेकर एक युवक को जान से मारने की धमकी दिए जाने का मामला प्रकाश में आया है. पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. घटना के बाद पीड़ित और उसके परिवार में भय का माहौल बना हुआ है.

यह भी पढ़ें...

प्राप्त जानकारी के अनुसार कस्बा शीशगढ़ के मोहल्ला अंसार नगर निवासी लईक ने थाना शीशगढ़ में तहरीर देकर बताया कि वह हरियाणा के गुड़गांव में रहकर काम करता था. वहां ठेकेदारी के कार्य को लेकर उसकी बहेड़ी निवासी रऊफ और थाना देवरनिया क्षेत्र के गांव मुडिया निवासी जासिर से कहासुनी और विवाद हो गया था. विवाद बढ़ने पर उसने काम छोड़ दिया और अपने घर वापस लौट आया.

पीड़ित का आरोप है कि घर लौटने के बाद भी दोनों आरोपी उसका पीछा नहीं छोड़ रहे हैं. उन्होंने फोन के माध्यम से कई बार संपर्क कर उसे अपशब्द कहे और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी. लईक के अनुसार आरोपियों ने उसे चेतावनी दी कि यदि वह दोबारा गुड़गांव आया तो उसे और उसके परिवार के सदस्यों को उठा लिया जाएगा. इन धमकियों से वह और उसके परिजन काफी डरे हुए हैं.

लईक ने अपनी शिकायत में यह भी बताया कि आरोपियों द्वारा किए गए फोन कॉल और धमकियों की रिकॉर्डिंग उसके पास सुरक्षित है. आवश्यकता पड़ने पर वह इन रिकॉर्डिंग को पुलिस को सौंप सकता है. पीड़ित ने पुलिस प्रशासन से अपनी तथा अपने बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई किए जाने की गुहार लगाई है.

मामले की गंभीरता को देखते हुए शीशगढ़ पुलिस ने तहरीर के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जा रही है. जांच का जिम्मा उपनिरीक्षक दुष्यंत कुमार को सौंपा गया है. पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान उपलब्ध साक्ष्यों, कॉल रिकॉर्डिंग और अन्य तथ्यों का परीक्षण किया जाएगा. जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी.