Bareilly Family Dispute: बरेली में पारिवारिक विवाद बना खूनी संघर्ष, पत्नी, बेटे और साले पर जानलेवा हमले का आरोप

Bareilly News: घरेलू रिश्तों में लंबे समय से चल रहा विवाद उस समय हिंसक हो गया, जब एक व्यक्ति ने अपनी पहली पत्नी, बेटे और साले पर जानलेवा हमले का आरोप लगाया. बरेली के मीरगंज क्षेत्र में हुई इस घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

 Bareilly Crime News

Bareilly Crime News

Newzo

04 Jun 2026 (अपडेटेड: 04 Jun 2026, 04:57 PM)

follow google news

Bareilly News: थाना मीरगंज क्षेत्र के ग्राम गुगई में पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. एक व्यक्ति ने अपनी पहली पत्नी, बेटे और साले पर सोते समय बुलाकर जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया है. घायल की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

यह भी पढ़ें...

ग्राम गुगई निवासी शमीम खां पुत्र मोहम्मद मियां खां ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी दो पत्नियां हैं. पहली पत्नी बेबी नुजहत उसके पैतृक मकान के पास अलग घर में रहती है, जबकि दूसरी पत्नी घटना के समय अपने रिश्तेदारों के यहां गई हुई थी. शमीम के अनुसार 31 मई की रात वह अपने हिस्से के मकान में अकेला सो रहा था. इसी दौरान पहली पत्नी ने उसे आवाज देकर अपने घर बुलाया.

आरोप है कि जैसे ही वह वहां पहुंचा, पहले से मौजूद उसके छोटे साले आरिफ उर्फ शारुख निवासी मोहल्ला मुगलान, कस्बा व थाना सिरौली तथा उसके बेटे औसाफ ने अचानक उस पर हमला कर दिया. तीनों ने मिलकर उसे जमीन पर गिरा दिया और लात-घूसों से बेरहमी से मारपीट की. पीड़ित का कहना है कि हमले में उसके कंधे, गर्दन और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं.

मारपीट के दौरान शमीम ने शोर मचाया तो आसपास के लोग मौके की ओर दौड़ पड़े. ग्रामीणों को आता देख आरोपी कथित रूप से जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए. घटना के बाद घायल ने रात करीब 12 बजे यूपी-112 पर कॉल कर पुलिस से मदद मांगी.

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल भिजवाया. प्राथमिक उपचार के बाद पीड़ित ने थाने पहुंचकर नामजद तहरीर दी. मामले की जांच कर रहे उपनिरीक्षक सूरज पाल सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है. पुलिस सभी पक्षों के बयान दर्ज कर रही है तथा जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी. घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है.