Bareilly news: बरेली के थाना शीशगढ़ क्षेत्र में एक 20 वर्षीय युवती के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है. युवती के अचानक गायब होने से परिवार में चिंता और बेचैनी का माहौल है. परिजनों ने आशंका जताई है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है. पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर युवती की तलाश शुरू कर दी है.
ADVERTISEMENT
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनकी 20 वर्षीय पुत्री घर से पास की दुकान पर सामान लेने के लिए गई थी. सामान्य रूप से कुछ ही समय में वापस लौट आने वाली युवती काफी देर तक घर नहीं पहुंची। जब परिजनों ने उससे संपर्क करने का प्रयास किया और आसपास खोजबीन की, तब भी उसका कोई सुराग नहीं मिला.
युवती के घर न लौटने पर परिवार के लोग चिंतित हो उठे और उसकी तलाश में जुट गए. परिजनों ने रिश्तेदारों, परिचितों तथा आसपास के गांवों में भी जानकारी जुटाई, लेकिन युवती का कहीं पता नहीं चल सका. काफी खोजबीन के बाद भी सफलता न मिलने पर परिजनों ने पुलिस की शरण ली.
पीड़ित पिता का आरोप है कि तलाश के दौरान उन्हें ऐसी जानकारी मिली जिससे आशंका व्यक्त की जा रही है कि उनकी पुत्री को कोई अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है. उन्होंने पुलिस से बेटी की शीघ्र बरामदगी और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है.
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना शीशगढ़ पुलिस ने पिता की तहरीर के आधार पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है. पुलिस टीम युवती की तलाश में जुट गई है और संभावित स्थानों पर जांच-पड़ताल की जा रही है. साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ कर महत्वपूर्ण सुराग जुटाने का प्रयास किया जा रहा है.
थाना प्रभारी निरीक्षक शीशगढ़ ने बताया कि मामले की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है. युवती की सकुशल बरामदगी पुलिस की प्राथमिकता है. घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं, जबकि परिवार के लोग बेटी की सुरक्षित वापसी की उम्मीद लगाए हुए हैं.
ADVERTISEMENT









